दुबई में भीलवाड़ा के कारोबारी को किडनैप कर फिरौती वसूलने वाले सेक्सटॉर्शन गैंग चला रहे थे। वे महिलाओं के जरिए दुबई आने वाले भारतीय बिजनेसमैन के अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल कर रंगदारी वसूलते थे। यह खुलासा गिरफ्तार आरोपी मोइन ने पुलिस पूछताछ में किया है। मोइन के मोबाइल फोन से पुलिस को कई आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं, जिनके आधार पर सेक्सटॉर्शन गैंग बनाकर भारतीय कारोबारियों से दुबई में ब्लैकमेल और अवैध वसूली की जा रही थी। सुभाष नगर थाना प्रभारी कैलाश चंद्र बिश्नोई ने बताया- 1 जुलाई को भीलवाड़ा के कारोबारी मुकेश टेलर का दुबई में पूर्व पार्षद फजले रऊफ उर्फ लुत्फ्फी और उसके साथियों ने कथित रूप से अपहरण कर लिया था। इसके बाद मुकेश के ससुर गोपाल लाल को फोन कर 40 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि मामले में योगेश मूंदड़ा और राजा खान पीड़ित के घर से चेक लेकर आए थे। मामले में योगेश को गिरफ्तार कर लिया, जबकि राजा खान फिलहाल फरार है। पीड़ित की रिपोर्ट के अनुसार, मोइन ने दुबई में कारोबारी से मारपीट की थी और जब घटना के बाद वह दुबई से भारत आया तो उसे साथी वसीम ने शरण दी थी। ऐसे में दोनों को 15 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया था। मामले में योगेश और वसीम को कोर्ट से जेल भेज दिया गया था, जबकि मोइन को सात दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया था। 2 महिलाएं भी सेक्सटॉर्शन गैंग में शामिल
पूछताछ के दौरान पुलिस ने मोइन के मोबाइल की जांच की, जिसमें कई आपत्तिजनक वीडियो मिले। शुरुआती जांच में दो महिलाओं की मौजूदगी सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि इनमें से एक महिला के साथ मिलकर दुबई आने वाले भारतीय कारोबारियों के आपत्तिजनक वीडियो बनाए गए और बाद में उन्हें ब्लैकमेल कर अवैध वसूली की जाती थी। पूरी गैंग एक सक्सटॉर्शन गैंग की तरह काम कर रही थी। पुलिस अब मोबाइल से मिले वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। इन वीडियो से जुड़े लोगों की पहचान करने और संभावित ब्लैकमेल पीड़ितों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। थाना प्रभारी कैलाश चंद्र बिश्नोई के अनुसार, जांच अभी कई पहलुओं पर जारी है और इस मामले में कुछ और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं। फिलहाल पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही है।
3 पॉइंट्स में समझिए पूरा घटनाक्रम 1. दुबई में एक जुलाई को बनाया था बंधक: भीलवाड़ा निवासी बिजनेसमैन मुकेश टेलर जून में बिजनेस ट्रिप पर दुबई गए थे। 1 जुलाई को दुबई में भीलवाड़ा के पूर्व पार्षद एवं वांटेड आरोपी फजले रऊफ शेख उर्फ लुत्फी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनका अपहरण कर लिया था। आरोपियों ने उन्हें एक फ्लैट में 10 दिन तक बंधक बनाकर रखा था और इस दौरान उनके साथ मारपीट की थी। आरोपियों ने मुकेश से यूएई की करेंसी दिरहम में फिरौती मांगी थी। इस पर मुकेश ने कहा था कि उनके पास फिलहाल 40 लाख रुपए नहीं थे और इसलिए वे दिरहम में भुगतान नहीं कर सकते थे। 2. ससुर को फोन कर 40 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई: बिजनेसमैन मुकेश के भीलवाड़ा निवासी ससुर गोपाललाल को आरोपियों ने फोन कर बताया था कि उनके दामाद का अपहरण कर लिया गया था और उन्हें छुड़ाने के लिए 40 लाख रुपए देने होंगे। इसके बाद गोपाललाल अपनी बेटी के घर पहुंचे थे और पूरी घटना की जानकारी दी थी। इसके बाद आरोपी योगेश मूंदड़ा और उसका साथी राजू पठान उर्फ राजा खान बिजनेसमैन के घर पहुंचे थे और 40 लाख रुपए का चेक लेकर लौट गए थे। 3. चेक की पुष्टि होते ही छोड़ दिया गया: भीलवाड़ा से चेक की पुष्टि मिलते ही बदमाशों ने दुबई में बंधक बनाए गए मुकेश को छोड़ दिया था। इसके बाद बिजनेसमैन मुकेश अगले दिन फ्लाइट से भीलवाड़ा लौट आए थे, जिसके बाद भीलवाड़ा में पति-पत्नी सुभाष नगर थाने पहुंचे थे और पूर्व पार्षद फजले रऊफ शेख उर्फ लुत्फी, उसके साथी फाइनेंसर योगेश मूंदड़ा और राजा खान समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था। पुलिस ने योगेश मूंदड़ा को गिरफ्तार कर लिया। जबकि अन्य 2 सहयोगियों मोइन और वसीम को भी पकड़ लिया। हालांकि राजा खान की तलाश की जा रही है। मास्टरमाइंड आरोपी फजले रऊफ शेख उर्फ लुत्फी को पकड़ने के लिए लुकआउट नोटिस जारी किया है। ये खबर भी पढ़िए… दुबई में बिजनेसमैन का किडनैप, भीलवाड़ा में 40-लाख फिरौती ली:10 दिन तक बंधक बनाकर रखा; घर जाकर पत्नी से चेक लिया, इसके बाद छोड़ा भीलवाड़ा के बिजनेसमैन को दुबई(UAE) में बंधक बनाकर पत्नी से 40 लाख रुपए की फिरौती वसूलने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पीड़ित के ससुर को दुबई से फोन किया और 40 लाख रुपए की डिमांड की। पूरी खबर पढ़िए
