नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर चूरू जिले से है। यहां रतनगढ़ में कांग्रेस नेता के घर पर बदमाशों ने 12 से ज्यादा राउंड फायर किए। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें
1. रक्षा मंत्री ने सीएम के साथ शेयर की कार
नागौर के मेड़ता में राव दूदा की मूर्ति के अनावरण कार्यक्रम में पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के काफिले में केवल 6 गाड़ियां थी। राजनाथ सिंह और सीएम भजनलाल एक ही कार में बैठे थे। सभा में रक्षा मंत्री ने कहा- पाकिस्तान ने फिर आंख उठाने की हिम्मत की तो अब तक नहीं हुआ है वह होकर रहेगा। पूरी खबर पढ़ें 2. गर्भवती पत्नी को पीटा, गर्भपात की गोलियां खिलाई, मौत
भीलवाड़ा में अवैध संबंधों के शक में पति ने गर्भवती पत्नी को जमकर पीटा और गर्भपात की गोलियां खिला दी। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ महिला को अस्पताल पहुंचाया। ज्यादा खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें 3. कांग्रेस नेता के घर पर 12 से ज्यादा गोलियां बरसाईं
चूरू जिले के रतनगढ़ में कांग्रेस नेता के घर पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे बाइक पर आए 2 बदमाशों ने 12 से ज्यादा राउंड फायर किए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया। गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। पूरी खबर पढ़ें 4. जमीन विवाद में खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाई
बाड़मेर के बाखासर थाना इलाके में जमीन विवाद में 55 साल के व्यक्ति ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। वह 90% तक झुलस गया। पीड़ित ने 2019 में 40 बीघा जमीन 20 लाख रुपए में बेची थी। 10 लाख मिलने के बाद रजिस्ट्री करवा दी, लेकिन खरीदार ने बाकी रुपए नहीं दिए। पूरी खबर पढ़ें 5. धूप से बचाने के लिए ट्रैफिक सिग्नल पर लगाया ग्रीन शेड
राजस्थान इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। राजधानी जयपुर में बाइक सवारों को तेज धूप से बचाने के लिए रामबाग सर्किल स्थित ट्रैफिक सिग्नल पर ग्रीन शेड लगाया गया है। जोधपुर और जैसलमेर में सड़कों पर पानी का छिड़काव किया गया। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. युवक को पेड़ से बांधकर लाठी-डंडों से पीटा
झुंझुनूं के डूमोली गांव में पेड़ काटने को लेकर हुए विवाद में युवक को पेड़ से बांधकर पीटा गया। उसे बेहोश होने पर लाठी-डंडों से पीटते रहे। युवक को करीब 4 घंटे तक पेड़ से बांधकर रखा गया। कोई उसे छुड़ा नहीं ले जाए, इसके लिए गेट पर ताला लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे छुड़वाया। पूरी खबर पढ़ें 7. पति की मौत के 9 घंटे बाद पत्नी का निधन
दौसा जिले के टूडियाना गांव में पति की मौत के 9 घंटे बाद पत्नी का निधन हो गया। 3 महीने से पत्नी की तबीयत खराब थी। पति कहता था कि तुम्हारे से पहले मैं जाऊंगा। बुधवार सुबह 5 बजे पति का निधन हो गया। दोपहर 2 बजे पत्नी ने भी दम तोड़ दिया। पूरी खबर पढ़ें 8. सरसों के तेल से भरे ट्रक में आग लगी
उदयपुर में NH-48 पर सरसों के तेल से भरे ट्रक में आग लग गई। धुआं निकलता देख ड्राइवर नीचे कूद गया और जान बचाई। देखते ही देखते ट्रक जलकर खाक हो गया। जावर माइंस से पहुंची दमकल की गाड़ियों ने 20 मिनट में आग पर काबू पाया। इस दौरान हाईवे पर जाम लग गया। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. डॉक्टर से शादी के लिए टावर पर चढ़ी युवती
धौलपुर में डॉक्टर से शादी करने के लिए युवती पुलिस कंट्रोल रूम के टावर पर चढ़ गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को नीचे उतारने की कोशिश की। इसके बाद डॉक्टर को मौके पर बुलाया गया। डॉक्टर ने शादी करने का आश्वासन दिया तो युवती टावर से नीचे उतर आई। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. स्व-गणना प्रक्रिया का कल अंतिम दिन,16 मई से सर्वे
राजस्थान में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत स्व-गणना प्रक्रिया का शुक्रवार (15 मई) को अंतिम दिन है। इसके बाद 16 मई से 14 जून तक डोर-टू-डोर सर्वे किया जाएगा।
