नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर ब्यावर से है। अग्निवीर युवराज सिंह जम्मू-कश्मीर में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान शहीद हो गए । चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें
1. मरीजों से मिलने पहुंचे विधायक लिफ्ट में फंसे
कोटा के सरकारी हॉस्पिटल में सीजेरियन डिलीवरी के बाद 6 महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई। 1 महिला ने दम तोड़ दिया। बुधवार को कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा मरीजों से मिलने पहुंचे। वार्ड से लौटते समय विधायक लिफ्ट में फंस गए। काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला जा सका। पूरी खबर पढ़ें 2. IAS का फरमान, धार्मिक फाउंडेशन से जुड़ें
विभागीय मुद्दों पर चर्चा के नाम पर कराई गई वर्कशॉप में IAS अम्बरीश कुमार ने ‘ईशा फाउंडेशन’ और ‘लैंडमार्क फोरम’ से जुड़ने का फरमान सुना दिया। इनसे जुड़ने के फायदे गिनाए। 4 हजार से 26 हजार का कोर्स सेशन जॉइन करने के निर्देश भी दिए। पूरी खबर पढ़ें 3. ब्यावर का अग्निवीर आतंकियों से मुठभेड़ में शहीद
ब्यावर जिले के लगेतखेड़ा गांव निवासी अग्निवीर युवराज सिंह (26) बुधवार को जम्मू-कश्मीर में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान शहीद हो गए। उनका शव गुरुवार को गांव आने की संभावना है। युवराज सिंह की शहादत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक छा गया। पूरी खबर पढ़ें 4. एक्सीडेंट में रिटायर्ड नायब तहसीलदार की मौत
डूंगरपुर के सागवाड़ा थाना क्षेत्र में रॉन्ग साइड से आई पावर बाइक ने रिटायर्ड नायब तहसीलदार की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रिटायर्ड अधिकारी की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी घायल हो गईं। दोनों बाइक पर एक मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में जा रहे थे। पूरी खबर पढ़ें 5. जयपुर में सड़कों पर पानी का छिड़काव
राजस्थान में मई का पहला सप्ताह गर्मी से राहत भरा रहा। बुधवार को जयपुर सहित कई जिलों में तेज धूप रही। ज्यादा गर्मी के कारण जयपुर के पुराने शहर की सड़कों पर पानी का छिड़काव किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र ने 8 मई से हीटवेव की चेतावनी दी है। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. रील बनाने पहुंचे स्टूडेंट्स को कुचलने की कोशिश
जयपुर के हवामहल के सामने रील शूट करने पहुंचे इंजीनियरिंग स्टूडेंट्स को कार ने टक्कर मार दी। ड्राइवर ने रिवर्स में कार दौड़ाते हुए बाइक सवार स्टूडेंट्स को कुचलने की कोशिश की और फरार हो गया। कार की टक्कर से बाइक पर बैठी छात्रा घायल हो गई। पूरी खबर पढ़ें 7. सूदखोरों से परेशान होकर जहर खाया
भीलवाड़ा में सूदखोरों से परेशान 51 साल के व्यक्ति ने जहर खाकर जान दे दी। उन्होंने अपने साले को वीडियो भेजा, जिसमें कहा- ये वीडियो पुलिस को दिखाना, सूदखोरों से मुझसे 20 गुना ज्यादा रुपए वसूल लिए। मेरे परिवार पर आंच मत आने देना। सूदखोरों से मेरे बच्चों को बचाना। पूरी खबर पढ़ें 8. हाईकोर्ट ने AG से पूछा- यह क्या हो रहा है
अलवर की सिलीसेढ़ झील के पास बने ‘देसी ठाठ’ होटल की सील खुलवाने के मामले में हाईकोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताई। हाईकोर्ट ने एडवोकेट जनरल से पूछा- यह सब क्या हो रहा है? कंज्यूमर कोर्ट का इस मामले में ऐसा क्या पर्सनल इंटरेस्ट था? क्यों न कंज्यूमर कोर्ट के अध्यक्ष को ही पार्टी बना लिया जाए? पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. अंतिम संस्कार की तैयारियों के दौरान सांसें चलने लगी
अलवर में बुजुर्ग महिला की तबीयत बिगड़ने के बाद शरीर में कोई हलचल नहीं रही। परिजनों ने मृत मानकर रिश्तेदारों को सूचना दे दी। बुधवार को अंतिम यात्रा की तैयारियों की बीच महिला के शरीर में हलचल हुई। परिजन उसे दौसा जिला हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के बाद तबीयत में सुधार है। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ जयपुर में मनाएगी सेना
भारतीय सेना ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ जयपुर में मनाएगी। जयपुर स्थित साउथ वेस्टर्न कमांड में गुरुवार को होने वाले कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ तीनों सेनाओं के प्रमुख भी आएंगे। इस दौरान ऑपरेशन से जुड़ी फिल्म भी रिलीज की जाएगी।