नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर मौसम से जुड़ी है। जयपुर समेत कई जिलों में बारिश हुई। जयपुर में अंधड़ के साथ बारिश हुई। इस दौरान कई इलाकों में पेड़ गिर गए। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें
1. मोबाइल पर अलर्ट मैसेज, सायरन की आवाज सुनाई दी
प्रदेशभर में शनिवार सुबह कई मोबाइल फोन पर एकसाथ सायरन की आवाज सुनाई देने लगी। सायरन बंद हुआ तो मोबाइल पर मैसेज पढ़कर सुनाया गया। इससे कई लोग परेशान हुए। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने इमरजेंसी में लोगों तक सूचना पहुंचाने के लिए सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट सिस्टम का परीक्षण किया था। पूरी खबर पढ़ें 2. भाजपा विधायक पर हमले की जांच करने पहुंची कमेटी
श्रीगंगानगर में AEN और भाजपा विधायक जयदीप ​बिहाणी के बीच विवाद की जांच के लिए राज्य सरकार ने हाई लेवल जांच कमेटी बनाई है। कमेटी का अध्यक्ष यूडीएच शासन सचिव को बनाया गया है। कमेटी ने शनिवार सुबह दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद घटनाक्रम के तथ्यों को खंगाला। पूरी खबर पढ़ें 3. अधिकारी से विधायक बोले- तुम नाई हो या जेईएन
तिजारा विधायक महंत बालकनाथ ने अधिकारी से कहा- तुम नाई हो या जेईएन, तुमने बीटेक किया है या कुछ और? महंत बालकनाथ टपूकड़ा कस्बे में इंटलॉकिंग टाइल बिछाने के काम का जायजा लेने पहुंचे थे। इस दौरान क्वालिटी को लेकर नाराजगी जताई और जेईएन को फोन कर खरी खोटी सुना दी। पूरी खबर पढ़ें 4. पत्नी देखती रही, प्रेमी ने रिटायर्ड फौजी को मार डाला
कोटा जिले के आंवली रोजड़ी में रिटायर्ड फौजी की गला दबाकर हत्या कर दी गई और उसकी पत्नी देखती रही। आरोप है कि पत्नी के प्रेमी ने रिटायर्ड फौजी की हत्या की। इसमें उसके दोस्त ने साथ दिया। हत्या से पहले रिटायर्ड फौजी के साथ प्रेमी और उसके दोस्त ने घर पर ही शराब पार्टी की थी। पूरी खबर पढ़ें 5. जयपुर में अंधड़-तेज बारिश, पेड़ के नीचे दबीं गाड़ियां
राजस्थान में आंधी-बारिश के बीच गर्मी भी जारी है। शनिवार को जयपुर, सीकर, कोटा सहित कई जिलों में बारिश हुई। जयपुर में सुबह करीब 9.30 बजे घने बादल छा गए और अंधड़ के साथ बारिश होने लगी। अंधड़ से कई इलाकों में पेड़ गिर गए। मानसरोवर में पेड़ के नीचे गाड़ियां दब गई। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. कार की टक्कर से ई-रिक्शा पलटा, छात्रा की मौत
अलवर शहर में जैन मंदिर मोड़ पर कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ई-रिक्शा पलट गया और उसके नीचे दबने से 7वीं क्लास की छात्रा की मौत हो गई। स्कूल से छुट्टी के बाद वह अपनी बहन के साथ घर लौट रही थी। हादसे के बाद कार ड्राइवर मौके से भाग गया। पूरी खबर पढ़ें 7. पानी पीने से सरकारी स्कूल के बच्चों की तबीयत बिगड़ी
बाड़मेर जिले के सनावड़ा गांव के सरकारी स्कूल में पानी पीने के बाद 16 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें खुजली होने लगी और शरीर पर जगह-जगह लाल निशान बनने लगे। इस पर उनको अस्पताल ले जाया गया। बच्चों ने बताया- पानी पीने के बाद स्कूल के बाहर बिकने वाली चुस्की खाई थी। पूरी खबर पढ़ें 8. लड़की भगाने पर प्रेमी के पिता की गला काटकर हत्या
डीग जिले के सोमका गांव में लड़की भगाने पर प्रेमी के पिता की गला काटकर हत्या कर दी। प्रेमी के पिता को पंचायत के बहाने जम्मू से बुलाया गया। पंचायत में राजीनामे के बाद आरोपी उसे दाहना गांव ले गए। रात को कमरे से उठाकर ले गए और हत्या कर शव सड़क किनारे फेंक दिया। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. लकवाग्रस्त पीड़ित के बयान के लिए कोर्ट ग्राउंड फ्लोर पर शिफ्ट
जोधपुर में लकवाग्रस्त पीड़ित के बयान दर्ज करने के लिए कोर्ट को फर्स्ट फ्लोर से ग्राउंड फ्लोर पर शिफ्ट किया। जमीनी विवाद के दौरान स्कॉर्पियो से कुचले जाने के कारण पीड़ित चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ है। उसे एंबुलेंस के जरिए कोर्ट लाया गया और बयान दर्ज कराए गए। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. NEET UG परीक्षा कल, राजस्थान में 611 सेंटर
देशभर में NEET UG 2026 परीक्षा 3 मई (रविवार) को आयोजित की जाएगी। राजस्थान के 27 जिलों में 611 केंद्रों पर होने वाली इस परीक्षा के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।