नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर सलूंबर से है। यहां 18 घंटे में 2 चचेरी बहनों की मौत हो गई। दोनों को उल्टी हुई और उसके बाद दौरे पड़ने लगे थे। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें
1. IAS आरती डोगरा के खिलाफ ACB जांच पर रोक
डिस्कॉम की चेयरपर्सन और IAS आरती डोगरा के खिलाफ एसीबी जांच के फैसले पर हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने रोक लगा दी है। डोगरा के वकील ने कहा- याचिकाकर्ता के खिलाफ 3 जांच लंबित हैं। इन सभी पर जल्द ही फैसला लिया जाएगा। यह भ्रष्टाचार का मामला नहीं है। पूरी खबर पढ़ें 2. जयपुर समेत कई इलाकों में बारिश की संभावना
राजस्थान में गर्मी लगातार बढ़ रही है। 10 से ज्यादा जिलों में दिन का तापमान 40 डिग्री के पार चला गया है। हालांकि, 25 अप्रैल से गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है। मौसम केंद्र ने एक नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण जयपुर समेत कई संभागों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। पूरी खबर पढ़ें 3. बीकाजी के CMD शिवरतन अग्रवाल का अंतिम संस्कार
बीकाजी फूड्स इंटरनेशनल के CMD शिवरतन अग्रवालका शुक्रवार को अंतिम संस्कार किया गया। उनके इकलौते बेटे दीपक अग्रवाल ने मुखाग्नि दी। बीकानेर में सतीमाता मंदिर के पास अग्रवाल समाज के श्मशान घाट में करीब 5 क्विंटल चंदन की लकड़ी की चिता बनाई गई थी। पूरी खबर पढ़ें 4. उल्टी के बाद तबीयत बिगड़ी, 18 घंटे में 2 बहनों की मौत
सलूंबर जिले में 18 घंटे में 2 चचेरी बहनों की मौत हो गई। एक परिवार की दोनों बच्चियों को उल्टी हुई और दौरे पड़ने लगे। इसके बाद दोनों बच्चियों ने दम तोड़ दिया। इन मौतों के बाद मेडिकल टीम ने गांव के कुछ बीमार बच्चों को अस्पताल में भर्ती करवाया है। पूरी खबर पढ़ें 5. कार से टकराकर सड़क पर गिरे, पीछे से आई कार ने कुचला
झुंझुनूं के उदयपुरवाटी में हाईवे के बीच में यू-टर्न ले रही कार से टकराने के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आई दूसरी कार ने उनको कुचल दिया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे को इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया है। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. IPL मैच के टिकट के लिए SMS स्टेडियम के बाहर हंगामा
जयपुर में 25 अप्रैल को होने वाले IPL मैच के टिकट को लेकर हंगामा हो गया। टिकट नहीं मिलने पर SMS स्टेडियम के बाहर कुछ युवाओं ने टिकट ब्लैक में मिलने का आरोप लगाया और गेट पर लगे राजस्थान रॉयल्स के बैनर फाड़ दिए। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उनको खदेड़ा। पूरी खबर पढ़ें 7. पुलिस की पूछताछ के बाद ज्वेलर ने किया सुसाइड
पाली के सोजत में चेन्नई पुलिस की पूछताछ से परेशान एक ज्वेलर ने जहर खा लिया। इसके कुछ देर बाद ज्वेलर के छोटे भाई ने भी सुसाइड की कोशिश की। दोनों को जोधपुर एम्स में एडमिट कराया गया था। जहां इलाज के दौरान बड़े भाई की मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें 8. क्रिकेटर अभिषेक शर्मा ने फैंस को सेल्फी लेने पर टोका
जयपुर में IPL मुकाबले से पहले क्रिकेटर अभिषेक शर्मा अपनी मां के साथ गोविंददेव जी मंदिर पहुंचे। सफेद मास्क में भी फैंस ने उन्हें पहचान लिया और उनके फोटो-वीडियो लेना शुरू कर दिया। इस दौरान उन्होंने एक फैन को टोका और कैमरा बंद करने के लिए कहा। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. दूल्हे ने पहनी 100 फीट लंबी नोटों की माला
डीग में शादी समारोह के दौरान एक दूल्हे ने 500 रुपए के नोटों की 100 फीट की इतनी लंबी माला पहनी कि उसे संभालने के लिए घर की दूसरी मंजिल की छत पर खड़ा होना पड़ा। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. CJI जस्टिस सूर्यकांत सम्मेलन को करेंगे संबोधित
भारत के CJI जस्टिस सूर्यकांत 25 अप्रैल को जयपुर के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में ‘न्याय सेतु’ विषय पर आयोजित सम्मेलन को संबोधित करेंगे, जिसमें राजस्थान हाईकोर्ट के सभी जज भी शामिल होंगे।
