दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को NSUI के प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रीय सचिव रितु बराला और महिला पुलिसकर्मी में जमकर मारपीट हो गई। कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली पुलिस पर NSUI कार्यकर्ताओं से मारपीट और खराब बर्ताव को लेकर रोष जताया है। रितु झुंझुनूं की रहने वाली हैं। वे राजस्थान यूनिवर्सिटी की छात्र राजनीति में सक्रिय रही हैं। दिल्ली में बुधवार को राहुल गांधी के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में रितु ने घटना के बारे में बताया। राहुल गांधी ने रितु बराला को दिखाते हुए कहा- ये शेरनी है। जब पूछा कि डर लगा तो लड़की ने कहा कि डर नहीं लगा। रितु बराला ने बताया- ‘मैंने कहा कि जितना मारना है मारो। हम NSUI के कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे। हमें बसों में भरा गया।’ उन्होंने कहा- हमें सड़क पर घसीटा गया, प्राइवेट पाट्‌र्स पर मारा। पहले देखिए, घटना से जुड़ी PHOTOS… अब पढ़िए, राहुल गांधी के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में रितु ने क्या कहा… रितु बोलीं- हमें सड़क पर घसीटा, प्राइवेट पार्ट पर मारा रितु ने बताया- जब हम बस से निकलने की कोशिश कर रहे थे तो महिला पुलिसकर्मी चंचल यादव ने मेरा गला जोर से दबाया। मुझे पीछे धक्का दिया, जिससे मैं गिर गई। मुझे नाखूनों से नोचा। उन्होंने जोर से थप्पड़ मारा। उसके बाद वह मेरे बाल पकड़कर बस में आगे-पीछे करती रहीं। उन्होंने जोर से मेरा गला दबाया और कान को कुचल दिया। कनॉट प्लेस पर चंचल यादव ने बस रोककर हम दो लड़कियों को रोड पर घसीटा, प्राइवेट पाट्‌र्स पर मारा। हमें थाने में ले जाया गाया। उन्होंने कहा कि ‘बता तेरा नेता राहुल गांधी अब कहां गया।’ उन्होंने मेरे पैरों पर डंडे मारे। कहा कि ‘बता बनाऊं तेरे को नेता।’ तो मैंने कहा कि कोई नहीं मैम, अगली बार प्रदर्शन में मिलते हैं। ये कुरुक्षेत्र का युद्ध है, हमें इसे जीतना होगा। पढ़ें क्या था पूरा मामला… एक-दूसरे के बाल खींचे, घूंसे मारे प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस रितु बराला को डिटेन करके बस में ले जा रही थी। तभी बस में महिला पुलिसकर्मी और रितु के बीच बहस हो गई, जो मारपीट में बदल गई। महिला पुलिसकर्मी ने रितु के बाल खींचे और लात-घूंसे मारे। रितु ने भी पलटवार किया और महिला पुलिसकर्मी के बाल खींच लिए। दोनों गुत्थम-गुत्था हो गईं। बस में प्रदर्शनकारी और पुरुष पुलिसकर्मी भी थे। काफी देर तक दोनों में मारपीट होती रही। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव किया। विधायक बोले- खूब लड़ी मर्दानी… मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद NSUI और कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली पुलिस पर प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट व अमानवीय व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए निशाना साधा है। कांग्रेस विधायक मुकेश भाकर ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा- ‘खूब लड़ी मर्दानी, वह तो झांसी वाली रानी थी। छोटी बहन रितु बराला के संघर्ष, साहस और हौसले को सलाम।’ NSUI अध्यक्ष बोले- देश की बेटियों से गुंडों जैसा बर्ताव NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा- दिल्ली पुलिस की बर्बरता, निर्दयता व असंवेदनशीलता को देखिए। वोट चोरी के खिलाफ आवाज उठाने वाली NSUI की छात्राओं का गला दबाने, चेहरे पर खरोंचने और जूते पहनकर लात मारने के साथ गुंडों जैसा बर्ताव किया जा रहा है। यह हत्या के प्रयास से कम नहीं है। क्या अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए आवाज उठाना अपराध है? क्या देश की बेटियों के साथ ऐसा व्यवहार स्वीकार्य है? महिला कार्यकर्ताओं के साथ बेहद शर्मनाक व्यवहार NSUI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- राजीव चौक पर वोट चोरी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे NSUI के साथियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस दौरान साथियों के साथ बर्बरता की गई। NSUI की महिला कार्यकर्ता के साथ भी मारपीट की गई। शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों और महिला कार्यकर्ताओं के साथ ऐसा व्यवहार बेहद शर्मनाक है।