जयपुर में एक्टर राघव जुयाल ने कहा- जो स्टूडेंट्स जंतर-मंतर पर बैठे हैं, वह आंदोलन हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए है. मेरे फ्यूचर किड्स के लिए है. ऐसे में उन्हें कैसे न सपोर्ट करूं? ये जेन जी बिल्कुल अलग है, ये खुद के लिए नहीं, बल्कि सोसाइटी के लिए आंदोलन कर रहे हैं। ये बातें फिल्म ‘भाई तेरा स्टार है’ के प्रमोशन के लिए जयपुर आए एक्टर राघव जुयाल ने गुरुवार को जगतपुरा स्थित वीवा सिटी मॉल के डीडी सिनेमा में मीडिया से बातचीत के दौरान कही। उनके साथ एक्ट्रेस निहारिका और कॉमेडियन अभिनेता विकल्प मेहता भी थे। इससे पहले देर रात जयपुर पहुंचने के बाद तीनों कलाकारों ने रावत पब्लिक स्कूल से प्रमोशन शुरू किया। तीनों ने विद्यार्थियों के साथ बातचीत की। राघव ने कहा- जिम्मेदार लोगों से भी सवाल पूछें पत्रकार राघव जुयाल ने कहा- पत्रकार अक्सर कलाकारों और सेलिब्रिटीज से कठिन सवाल पूछने में संकोच नहीं करते, लेकिन वही सवाल निर्णय लेने वाले लोगों से उतनी मजबूती से नहीं पूछे जाते। उन्होंने कहा- मुझे लगता है जितनी हिम्मत पत्रकार हम जैसे कलाकारों से सवाल पूछने में दिखाते हैं, उतनी ही हिम्मत अगर उन लोगों से भी दिखाई जाए, जो फैसले लेने की स्थिति में हैं तो शायद हालात अलग होते। पत्रकारिता लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है। मुझे लगता है कि कुछ साल में यह स्तंभ थोड़ा कमजोर हुआ है। मैं किसी राजनीतिक संदर्भ में नहीं कह रहा, बल्कि एक कलाकार के तौर पर प्रतिक्रिया दे रहा हूं। न्यूज चैनल और सास-बहू के सीरियल में ज्यादा फर्क नहीं रह गया राघव ने कहा- आज टीवी समाचारों में गंभीर मुद्दों की जगह कई बार सनसनी और मनोरंजन हावी दिखाई देता है।टीवी न्यूज देखिए। कई बार ऐसा लगता है कि न्यूज चैनल और सास-बहू के सीरियल में ज्यादा फर्क नहीं रह गया है। न्यूज का उद्देश्य लोगों को जागरूक करना होना चाहिए। यह राजनीतिक टिप्पणी नहीं, बल्कि कलाकार की प्रतिक्रिया है। निहारिका बोलीं- लोगों को चोट पहुंचे, यह किसी भी स्थिति में ठीक नहीं एक्ट्रेस निहारिका ने जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के सवाल पर कहा- किसी भी आंदोलन या घटना में लोगों को नुकसान पहुंचना स्वीकार्य नहीं है। मुझे अच्छा लगा कि आपने यह सवाल पूछा, लेकिन जिन लोगों के पास फैसले लेने की ताकत है, उनसे भी ऐसे सवाल पूछे जाने चाहिए। उन्हीं के पास बदलाव लाने की क्षमता है। उन्होंने मीडिया से अपील की कि वे अपनी जिम्मेदारी का उपयोग सही जगह सवाल पूछने के लिए करें, क्योंकि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है। निहारिका बोलीं- राघव और विकल्प के साथ काम करना खास निहारिका बोलीं- यह मेरा पहला जयपुर दौरा है। मेरी मां हमेशा जयपुर घूमने की इच्छा जताती थीं, इसलिए यहां आकर मुझे बेहद खुशी हो रही है। उन्होंने कहा- राघव जुयाल के साथ काम करना मेरे लिए शानदार अनुभव रहा। स्टूडेंट्स से कहा- पहले हमारी फिल्म देखना, फिर स्पाइडर मैन स्कूल में राघव जुयाल ने बच्चों से कहा- पहले हमारी फिल्म देखना, इसके बाद स्पाइडर मैन देखने जाना। उन्होंने फिल्म के गाने पर विद्यार्थियों के साथ डांस भी किया। एक छोटे बच्चे के साथ राघव खुद भी बच्चे बन गए और अपने मशहूर स्लो मोशन डांस स्टाइल से सभी का दिल जीत लिया। निहारिका और विकल्प मेहता ने भी विद्यार्थियों के साथ बातचीत की और सेल्फी खिंचवाई। पर्यावरण पर बोले- पेड़ काटना गुनाह राघव ने पर्यावरण संरक्षण पर कहा- पेड़ काटना किसी भी स्थिति में गलत है। स्वीडन का उदाहरण देते हुए राघव ने कहा- वहां सड़क बनाने के लिए पेड़ नहीं काटे गए, बल्कि सड़क को पेड़ों के आसपास से निकाला गया। उन्होंने कहा- प्लास्टिक फेंकना, नदियों को गंदा करना और प्रकृति को नुकसान पहुंचाना राजनीति का नहीं, बल्कि नैतिक जिम्मेदारी का विषय है। उन्होंने कहा- पर्यावरण संरक्षण हर नागरिक का कर्तव्य होना चाहिए। जयपुर से मेरा रिश्ता बचपन का राघव ने जयपुर से अपने जुड़ाव का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया- मेरे जीवन का पहला पारिवारिक वेकेशन जयपुर में ही हुआ था। बचपन में परिवार के साथ मैंने यहां के किले, हवामहल और चोखी ढाणी देखी थी। इसकी यादें आज भी मेरे जेहन में ताजा हैं। उन्होंने कहा- जयपुर की दाल-बाटी-चूरमा मेरा पसंदीदा भोजन है। मुंबई में भी मैं यह ढूंढता हूं, लेकिन असली स्वाद केवल राजस्थान में ही मिलता है। उन्होंने कहा- जयपुर के लोगों का अपनापन मुझे बार-बार यहां खींच लाता है। 16 साल के संघर्ष के बाद मिली पहली बड़ी फिल्म राघव जुयाल ने अपने फिल्मी सफर पर कहा- मेरे लिए सबसे बड़ा मंत्र लगातार मेहनत करते रहना रहा है। उन्होंने कहा- टीवी की स्थापित छवि से बाहर निकलकर अलग तरह के किरदार निभाना आसान नहीं था। फिल्म ‘किल’ में नकारात्मक भूमिका निभाकर मैंने अपनी इमेज बदली और अब ‘भाई तेरा स्टार है’ के जरिए दर्शकों के सामने एक नए अंदाज में आ रहा हूं। विकल्प मेहता बोले- जयपुर मेरा दूसरा घर राजस्थान के पाली निवासी विकल्प मेहता ने कहा- जयपुर से मेरा रिश्ता वर्षों पुराना है। उन्होंने अपने करियर का पहला इवेंट जयपुर में किया था और आज भी अपने अधिकांश डांस वीडियो इसी शहर में शूट करते हैं। उन्होंने कहा- अगर पाली और मुंबई के बाद किसी शहर का नाम लेना हो तो मैं हमेशा जयपुर का ही नाम लेता हूं। उन्होंने कहा- समाज को बदलने के लिए केवल बातें नहीं, बल्कि उदाहरण भी पेश करने चाहिए।
