रणथम्भौर दुर्ग स्थित विश्वप्रसिद्ध श्री त्रिनेत्र गणेश जी का तीन दिवसीय लक्खी मेला-2026 शनिवार, 12 सितम्बर से 14 सितम्बर तक आयोजित होगा। 14 सितम्बर को मुख्य मेला रहेगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, बिजली, चिकित्सा एवं कानून-व्यवस्था सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है। जिला कलेक्टर काना राम ने कहा कि त्रिनेत्र गणेश मेला जिले की धार्मिक आस्था एवं परंपरा का महत्वपूर्ण आयोजन है। श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का पालन करते हुए अनुशासन और सावधानी के साथ दर्शन करने की अपील की। सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम मेले में मेला मजिस्ट्रेट, सहायक मेला मजिस्ट्रेट एवं कार्यपालक मजिस्ट्रेटों के साथ पर्याप्त पुलिस जाप्ता तैनात रहेगा। प्रमुख स्थानों पर सतत निगरानी की जाएगी। वन एवं निर्जन क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से नहीं जाने और जलभराव एवं तेज बहाव वाले स्थानों से आवाजाही नहीं करने की अपील की गई है। श्रद्धालुओं को निर्धारित सुरक्षित मार्गों का ही उपयोग करने के लिए कहा गया है। गणेश मार्ग सुचारू, आवागमन में मिलेगी राहत
बरसात के दौरान तेज जलप्रवाह से गौमुखी के समीप क्षतिग्रस्त हुए गणेश मार्ग पर सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य पूर्ण कर मार्ग को आवागमन के लिए सुचारू कर दिया गया है। मेले से पूर्व अन्य क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत एवं पेचवर्क भी प्राथमिकता से कराया गया है। ‘स्वच्छ भंडारा–स्वस्थ मेला’ का संदेश
मेले को स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए ‘श्री गणेश स्वच्छ सेवा सम्मान-2026’ पहल की गई है। इसके तहत भंडारों का मूल्यांकन स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा, कचरा प्रबंधन, पर्यावरण-अनुकूल व्यवस्था, श्रद्धालु सुविधाओं एवं सेवा भावना सहित निर्धारित मानकों पर किया जाएगा। श्रेष्ठ भंडारों को प्रथम पुरस्कार 21,000 रुपए, द्वितीय 11,000 रूपए एवं तृतीय 5,100 रुपए और पांच उत्कृष्ट प्रयास करने वाले भंडारों को 1,100 रूपए प्रत्येक के सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे। विजेताओं को प्रशस्ति-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। जिला कलेक्टर ने भंडारा संचालकों से स्वच्छता, खाद्य गुणवत्ता एवं कचरा प्रबंधन सुनिश्चित करने तथा श्रद्धालुओं से कचरा केवल निर्धारित डस्टबिन में डालने की अपील की है। कंट्रोल रूम से मिलेगी आपात सहायता
मेला मजिस्ट्रेट एवं उपखंड अधिकारी मलारना डूंगर गौरव मित्तल ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गणेशधाम मेला कंट्रोल रूम 07462-294100 तथा एसडीएम कार्यालय मेला कंट्रोल रूम 07462-220344 पर सहायता एवं शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। जिला प्रशासन ने देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को श्री गणेश चतुर्थी एवं मेले की शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित यात्रा, स्वच्छता एवं अनुशासन के साथ श्री त्रिनेत्र गणेश जी के दर्शन करने का आह्वान किया है।
