जीरकपुर के अंतर्गत आते बलटाना इलाके में दिनदहाड़े स्नेचिंग की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सोमवार शाम करीब 4:00 बजे पीर बाबा रोड स्थित गिल कॉलोनी के गेट के पास एक बेखौफ लुटेरे ने अपने बच्चे को ट्यूशन छोड़ने जा रही महिला के कान से सोने की बाली झपट ली और मौके से फरार हो गया। पूरी वारदात पास में लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित महिला के पति रोहित शर्मा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उनकी पत्नी जब अपने बच्चे को ट्यूशन छोड़ने जा रही थी, तभी रास्ते में गिल कॉलोनी के गेट के पास बाइक सवार बदमाश ने वारदात को अंजाम दिया। झपटी गई सोने की बाली का वजन करीब ढाई ग्राम है, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 40 हजार रुपये बताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। फुटेज में दिखाई दिया कि आरोपी की मोटरसाइकिल के पीछे फूड डिलीवरी कंपनी ‘स्विगी’ (Swiggy) का डिलीवरी बॉक्स लगा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी पुलिस और आम जनता को चकमा देने तथा डिलीवरी बॉय जैसा दिखने के लिए इस बॉक्स का इस्तेमाल कर रहा था।
इलाके में दहशत, पुलिस सीसीटीवी खंगालने में जुटी स्थानीय निवासियों के अनुसार, बलटाना के सैनी विहार और आसपास की कॉलोनियों में भी पिछले कुछ समय से स्नेचिंग की ऐसी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे पूरे इलाके में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। मामले की पुष्टि करते हुए बलटाना पुलिस चौकी के इंचार्ज मलकीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी आदतन अपराधी है और पहले भी कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। चौकी इंचार्ज ने दावा किया कि आसपास की अन्य सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।