मोहाली जिले के जीरकपुर स्थित ढकोली की गुरु नानक एन्क्लेव मार्केट में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वहां लगे पटाखों और सजावट के सामान के स्टॉलों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते स्टॉलों में रखे पटाखे तेज धमाकों के साथ फटने लगे, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। हालांकि, स्टॉलों में पटाखों के लगातार फटने और धमाकों के कारण दमकल कर्मियों को राहत व बचाव कार्य में खासी मशक्कत करनी पड़ी। दमकल टीम ने सूझबूझ से काम लेते हुए कुछ ही देर में आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया और बड़े हादसे को टाल दिया। 8 लाइसेंस जारी, फिर भी खुलेआम लगे सैकड़ों अवैध स्टॉल इस घटना ने स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मोहाली जिला प्रशासन ने जीरकपुर में पटाखों की बिक्री के लिए केवल 8 आधिकारिक लाइसेंस जारी किए थे। इसके बावजूद शहर के अलग-अलग हिस्सों में नियमों को ताक पर रखकर सैकड़ों अवैध स्टॉल लगाए गए हैं। सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर उठे सवाल
हादसे के बाद यह सवाल उठने लगे हैं कि जब प्रशासन ने केवल 8 लाइसेंस दिए थे, तो शहर भर में बाकी स्टॉल किसकी शह पर चल रहे थे? क्या इन बिक्री स्थलों का पहले कोई प्रशासनिक निरीक्षण हुआ था? क्या मौके पर अग्निशामक यंत्र (Fire Extinction Units), पानी के पर्याप्त प्रबंध और आपातकालीन निकासी (Emergency Exit) की व्यवस्था की गई थी? फिलहाल इस अग्निकांड से बाजार में भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, लेकिन प्रशासन द्वारा इन अवैध स्टॉलों पर जांच और जवाबदेही तय करने को लेकर कार्रवाई की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
