बीते दिनों पाली के सुमेरपुर एरिया में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नकली घी बनाकर बड़े ब्रांडों के टीन में भरकर बेचने का मामला पकड़ा था। शादी और तीज–त्योहारों पर मार्केट में ब्रांडेड कंपनियों की फर्जी पैकिंग में नकली घी मिलने की शिकायत मिलती है। ऐसे में सरस डेयरी जैसे प्रसिद्ध ब्रांड का घी खरीदते समय भी लोग आशंकित रहते हैं। ऑनलाइन पेमेंट के लिए हम मोबाइल से QR कोड स्कैन करते हैं। लेकिन ऐसा ही QR कोड स्कैन कर आप यह भी पता लगा सकते हैं कि जो घी आप महंगे दामों पर खरीद रहे हैं, वह असली है या नकली। सरस के घी पर क्वालिटी का QR कोड मिलावटी घी को लेकर लोगों की इस परेशानी को दूर करने के लिए सरस डेयरी अपने घी के डिब्बों पर क्यूआर कोड लगाती है। इस QR कोड में घी से जुड़ी पूरी जानकारी होती है जैसे कि कि यह घी कौनसी डेयरी का है, कब बना है। लेकिन ज्यादातर लोग इसके बारे में पता ही नहीं। आज जानते हैं कि QR कोड से कैसे पता लगाएं कि घी सरस डेयरी का है या मिलावटी।
स्कैन करते ही मिलेगी जानकारी सरस डेयरी पाली की मार्केटिंग मैनेजर सोहनी देवी बताती हैं कि बाजार में सरस घी के नाम से लगातार मिलावटी घी बेचने की शिकायतें आ रही थीं। इसलिए डेयरी अपने आधा लीटर, एक लीटर, 5 लीटर और 15 किलो के घी के डिब्बे पर QR कोड प्रिंट करवाता है। घी की बाहरी पैकिंग पर एक छिपा हुआ QR कोड होता है। इसे नाखून या सिक्के से स्क्रैच करने पर कोड नजर आएगा। मोबाइल से स्कैन पर एक लिंक मिलेगा। खोलने पर उस पैकेट से जुड़ी सारी जानकारी मिल जाती है। मैनेजर सोहनी देवी बताती हैं कि सरस घी पर QR कोड की व्यवस्था दो साल से है, लेकिन अधिकतर लोगों को इस बारे में जानकारी ही नहीं है। QR कोड से मिलेगी यह जानकारी
सरस डेयरी अध्यक्ष प्रतापसिंह बिठिया ने बताया कि जैसे ही मोबाइल से QR कोड स्कैन करेंगे एक लिंक मिलेगा। मोबाइल में लिंक ओपन करते ही स्क्रीन पर घी की मात्रा, यूनीक आईडी नंबर, एक्सपायरी डेट, घी की मैन्यूफैक्चर डेट, इसकी MRP कितनी है और किस यूनिट में बना है, जैसी तमाम जानकारियां सामने आ जाएंगी। इस तरह ग्राहक घी खरीदने से पहले क्यूआर कोड स्कैन कर पता कर सकते है कि वह जो घी खरीद रहे है वह सरस डेयरी का है या मिलावटी। नकली घी पर भी होता है QR कोड डेयरी अध्यक्ष प्रतापसिंह ने बताया कि मिलावटखोर नकली घी की पैकिंग पर भी QR कोड लगाते हैं। लेकिन जब इस कोड को स्कैन करते हैं तो सरस डेयरी या घी से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिलती। कई बार खुलने वाला लिंक किसी और साइट पर भी ले जाता है। इसलिए अगली बार जब भी सरस डेयरी से घी खरीदें, तो अपने मोबाइल से QR कोड स्कैन करना न भूलें।