मोगा जिले में कनाडा भेजने का झांसा देकर 6 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। लंडेके गांव निवासी कमलदीप सिंह भट्टी और उनकी बहन अमनजोत कौर को वर्क परमिट पर कनाडा भेजने का लालच दिया गया था। इस संबंध में ट्रैवल एजेंट दंपति हरविंदर सिंह वर्मा और उनकी पत्नी सोनिया के खिलाफ थाना सिटी मोगा में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता कमलदीप सिंह भट्टी ने बताया कि वह और उनकी बहन कनाडा जाना चाहते थे। गांव के ही ट्रैवल एजेंट दंपति हरविंदर सिंह वर्मा और सोनिया ने उन्हें वर्क परमिट पर कनाडा भेजने का आश्वासन दिया। इसके लिए कुल 36 लाख रुपए का खर्च बताया गया था। एजेंट दंपति ने शुरुआती तौर पर 6 लाख रुपए की मांग की थी। टालमटोल करने लगे आरोपी कमलदीप सिंह ने जनवरी 2024 में अलग-अलग बैंक खातों के माध्यम से यह राशि उन्हें भेज दी। साथ ही, उन्होंने अपनी बहन का असली पासपोर्ट भी एजेंटों को सौंप दिया। 24 मई 2024 को पीसीसी (पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट) भी अप्लाई करके उन्हें दे दिया गया। इसके बाद एजेंट दंपति टालमटोल करने लगे और काम जल्द होने का आश्वासन देते रहे। जब काम नहीं हुआ, तो उन्होंने कमलदीप सिंह को 3-3 लाख रुपए के दो चेक दिए और कहा कि यदि काम नहीं होता है, तो इन चेकों से पैसे निकाल लिए जाएं। कमलदीप सिंह ने अलग-अलग तारीखों पर जब इन चेकों को बैंक में लगाया, तो खाते में पर्याप्त राशि न होने के कारण दोनों चेक बाउंस हो गए। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज इसके बाद एजेंट दंपति ने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया, जिससे कुल 6 लाख रुपए की धोखाधड़ी हुई। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद वार्ड नंबर 2, संत नगर, लंडेके निवासी हरविंदर सिंह वर्मा और उनकी पत्नी सोनिया के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना सिटी मोगा के प्रभारी इंस्पेक्टर वरुण कुमार ने बताया कि उक्त मामले में एंटी हयूमन टै्रफिकिंग यूनिट द्वारा की गई जांच के बाद उक्त मामला कथित आरोपी ट्रैवल एजेंट दंपति के खिलाफ दर्ज किया गया, गिरफ्तारी बाकी है।
