मोगा के बाघापुराना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 48 बोतल देसी शराब बरामद की है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। थाना प्रभारी के अनुसार, जांच अधिकारी हरमेश लाल पुलिस पार्टी के साथ गांव बुद्ध सिंह वाला से फूलेवाला जाने वाली नहर की पटरी पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एक मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान एक सिल्वर रंग की स्विफ्ट कार (नंबर DL-6-4854) को रोका गया। कार की तलाशी लेने पर उसमें से ‘पंजाब जुगनी सोफी’ मार्का की 48 बोतल देसी शराब बरामद हुई। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज पुलिस ने मौके पर मौजूद आरोपी अवतार सिंह उर्फ ममना को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान दूसरा आरोपी रमणदीप सिंह मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 61/1/14 के तहत मामला दर्ज किया गया है। बरामद शराब और कार को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी जनक राज ने बताया कि इलाके में अवैध शराब के कारोबार को रोकने के लिए अभियान जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
