मोगा क्षेत्र में बीती रात आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के दौरान भागीके गांव में आसमानी बिजली गिरने से एक परिवार पर कहर टूट पड़ा। इस प्राकृतिक आपदा में जहां मकान का लेंटर बुरी तरह फट गया, वहीं घर में रखी एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। इसके अलावा लाखों रुपये के घरेलू बिजली उपकरण जलकर खाक हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात के समय बारिश के साथ कड़कड़ाती बिजली आशीष सिंगला के मकान पर आ गिरी। धमाका इतना जबरदस्त था कि घर में मौजूद आशीष सिंगला की पत्नी ‘देवी’ इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। ढाई से तीन लाख के नुकसान का अनुमान पीड़ित परिवार ने बताया कि बिजली गिरने के प्रभाव से छत की पानी की टंकी, एलईडी टीवी, फ्रिज, गीजर समेत तमाम इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह जल गए। मकान के लेंटर में बड़ी-बड़ी दरारें आ गईं, जिससे घर को भारी क्षति पहुंची है। प्राथमिक आकलन के अनुसार, परिवार को लगभग ढाई से तीन लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। सरपंच व पंचायत ने सरकार से की मुआवजे की मांग घटना की सूचना मिलते ही गांव के सरपंच सुखदीप सिंह साध और ग्राम पंचायत सदस्य मौके पर पहुंचे। सरपंच सुखदीप सिंह ने बताया कि आसमानी बिजली के हाई वोल्टेज झटके से गांव के कुछ अन्य घरों में भी बिजली उपकरण खराब हुए हैं। पंचायत ने पंजाब सरकार और जिला प्रशासन से अपील की है कि पीड़ित सिंगला परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत उचित सरकारी मुआवजा प्रदान किया जाए।