नशा तस्करों के खिलाफ मोगा पुलिस द्वारा छेड़ी गई मुहिम के तहत थाना बधनीकलां पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को 13 किलो 500 ग्राम डोडे पोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस ने उनका रिमांड हासिल कर लिया है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जसविंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक सरताज सिंह चाहल के दिशा-निर्देशों पर नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत सहायक थानेदार गुरचरन सिंह की टीम गांव रनियां के पास गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि इलाके में नशीले पदार्थों की तस्करी की जा रही है, जिस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी की गई। पुलिस ने छापेमारी कर जसप्रीत सिंह उर्फ गग्गू और बोहड़ सिंह (दोनों निवासी गांव रनियां) को काबू किया। जब उनकी तलाशी ली गई, तो उनके कब्जे से 13 किलो 500 ग्राम डोडे पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने नशीले पदार्थ को जब्त कर दोनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। रिमांड के दौरान होंगे अहम खुलासे पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच थानेदार गुरप्रीत सिंह को सौंपी गई है। आरोपियों को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहाँ से पुलिस को उनका दो दिन का रिमांड मिला है। सप्लाई चेन खंगाल रही पुलिस इंस्पेक्टर जसविंदर सिंह ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे यह नशा कहाँ से खरीदकर लाते थे और आगे किन लोगों को इसकी सप्लाई की जानी थी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान नशा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य बड़े नामों का भी खुलासा हो सकता है।
