झालावाड़ पुलिस ने महिलाओं से पहचान छिपाकर फर्जी तरीके से शादी करने वाले एक आरोपी को असनावर से गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को आर्मी या पुलिस फोर्स का सदस्य बताता था। पुलिस ने उसके कब्जे से आर्मी की ड्रेस, आर्मी एकेडमी चलाने का पम्पलेट और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील कुमार (25) पुत्र होशियारसिंह धानक, निवासी थिलोड, जिला भिवानी, हरियाणा के रूप में हुई है। वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से महिलाओं का बायोडाटा प्राप्त करता था और उनसे कॉल व मैसेज के जरिए संपर्क कर शादी का झांसा देता था। यह गिरफ्तारी 6 मई को असनावर थाने में एक अज्ञात महिला द्वारा गोपनीय शिकायत दर्ज कराने के बाद हुई। शिकायत में बताया गया था कि सुनील कुमार ने असनावर में एक लड़की से एक साल पहले लव मैरिज की थी और वह सोशल मीडिया पर वर्दी में फोटो लगाकर खुद को सेना या पुलिसकर्मी बताकर अन्य महिलाओं को भी ठग रहा था। शिकायत के आधार पर साइबर थाना झालावाड़ में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई की। आरोपी सुनील कुमार को उसके ससुराल असनावर से महिला थाना पुलिस टीम ने सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने कितनी महिलाओं को ठगी का शिकार बनाया है।