मंडरायल कस्बे में स्थित श्रीराधारमण बिहारी मंदिर का पाटोत्सव गुरुवार को धार्मिक आयोजनों के साथ शुरू हुआ। शैली वाले हनुमान मंदिर परिसर में भागवत कथा का शुभारंभ किया गया। इससे पूर्व कस्बे में श्रद्धालुओं द्वारा कलश यात्रा निकाली। यह आयोजन 7 मई तक चलेगा, जिसमें कथा, रासलीला, पद गायन और भंडारे जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। पाटोत्सव के कार्यक्रमों के तहत, बाबा नारायण दास बिरखो वाले के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना की गई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूर्व मंत्री रमेश मीणा अपनी धर्मपत्नी सहित भागवत ग्रंथ और मंगल कलश धारण कर यात्रा में शामिल हुए। कथावाचक भक्त शरण महाराज (मान मंदिर बरसाना वाले) घोड़े पर सवार होकर शोभायात्रा में पहुंचे। भागवत कथा के प्रथम दिन कथावाचक ने श्रीमद्भागवत कथा श्रवण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कथा सुनने से मनुष्य के जीवन में आध्यात्मिक चेतना का विकास होता है और समाज में सकारात्मकता का संचार होता है। आयोजन समिति के अनुसार 1 मई से 5 मई तक वृंदावन धाम की कुंज बिहारी शर्मा मंडली द्वारा रासलीला का मंचन किया जाएगा। 6 मई की शाम बरसाना के हनुमान दास बाबा पद गायन प्रस्तुत करेंगे। पाटोत्सव के मुख्य अवसर पर 7 मई को विशाल भंडारा और प्रसादी वितरण कार्यक्रम आयोजित होगा।
