अलवर में धर्मपरिवर्तन के आरोप में भीड़ ने पादरी को पीट दिया। एक मकान में ईसा मसीह की प्रार्थना चल रही थी। सूचना पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ता पहुंचे और पादरी को घर से बाहर निकाला। इस पर बाहर खड़ी भीड़ ने पादरी की पिटाई शुरू कर दी, कपड़े भी फाड़ दिए। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में एक महिला पादरी को लात मारती हुई दिख रही है। पादरी की पिटाई होते देख घर के अंदर मौजूद 15 लोग वहां से फरार हो गए। विश्व हिंदू परिषद का आरोप है कि पादरी दिल्ली से आता है। संगठन को सूचना मिली थी कि इस घर में धर्मांतरण कराया जा रहा था। मौके से धार्मिक साहित्य और प्रार्थना से जुड़ी किताबें मिली हैं। मोबाइल की जांच में धार्मिक गतिविधियों से जुड़े वीडियो और अन्य सामग्री भी मिली है। पूछताछ में पादरी ने बताया- अब तक 15 से ज्यादा लोगों का धर्मांतरण करवा चुका है। मामला अखेपुरा थाना क्षेत्र स्थित तंवर कॉलोनी का है। गुरुवार दोपहर 1 से 3 बजे तक हंगामा चला। मौके पर पहुंची पुलिस ने पादरी को हिरासत में लिया। कार्यकर्ता आरोपी को पैदल ले जाने की मांग पर अड़ गए और पुलिस की गाड़ी के आगे खड़े हो गए। अब देखिए, विवाद से जुड़ी PHOTOS…. धर्म परिवर्तन की मिल रही थी सूचना विहिप के प्रांत संयोजक प्रेम सिंह राजावत ने बताया- संगठन को सूचना मिली थी कि तंवर कॉलोनी में धर्मांतरण की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना पर कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। घर में कुछ लोग एकत्रित होकर ईसा मसीह से जुड़ी प्रार्थना और धार्मिक पाठ कर रहे थे। विहिप कार्यकर्ताओं के पहुंचने के बाद करीब 15 मौके से फरार गए। कार्यकर्ताओं ने जब पादरी की तलाशी ली, तो उसके पास से धार्मिक साहित्य और प्रार्थना से जुड़ी किताबें मिलीं। मोबाइल की जांच में भी धार्मिक गतिविधियों से जुड़े वीडियो मिले। बीमारियां ठीक होने का दावा पादरी के साथ प्रार्थना सभा में मौजूद नितिन ने बताया- मैं दूसरी बार इस कार्यक्रम में शामिल होने आया था। घर में ईसा मसीह का पाठ कराया जा रहा था। लोगों के लिए प्रार्थना की जा रही थी। सभा में दावा किया जा रहा था कि इस प्रार्थना को करने से सभी बीमारियां दूर हो सकती हैं। साथ ही, हिंदू देवी-देवताओं से दूर रहने की बातें भी कही जा रही थीं। अब तक 15 लोगों धर्म परिवर्तन करवाया पूछताछ में पादरी राजकुमार ने बताया- मैं दिल्ली का रहने वाला हूं। पिछले चार-पांच सालों से अलवर आता-जाता रहा हूं। लोगों को ईसा मसीह से संबंधित धार्मिक पाठ और प्रार्थना करवाता हूं। दिल्ली में मेरी कपड़ों की दुकान है। विहिप कार्यकर्ताओं के पूछने पर पादरी ने कहा- मैं अब तक यहां करीब 15 लोगों का धर्म परिवर्तन करवा चुका हूं। आरोपी को थाने में पैदल ले जाने की मांग हंगामे की सूचना मिलते ही अखेपुरा थाना पुलिस एसएचओ महेश टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस जब पादरी को वाहन में बैठाकर थाने ले जाने लगी तो विहिप कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। कार्यकर्ताओं की मांग थी कि आरोपी को पैदल ले जाया जाए। बाद में पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच समझाइश के बाद स्थिति शांत हुई। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने पहुंची। जांच के बाद ही स्पष्ट होगी स्थिति थाना प्रभारी महेश ने बताया- संबंधित व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और आरोपों की जांच में जुटी हुई है।
