बीजेपी युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ हेमांग जोशी ने अपनी कार्यकारिणी मंगलवार को घोषित कर दी। कार्यकारिणी में राजस्थान के दो युवा नेताओं को भी जगह मिली है। प्रदेश युवा मोर्चा के अध्यक्ष रहे हिमांशु शर्मा को राष्ट्रीय टीम में मंत्री बनाया गया है। वहीं जयपुर के ही देवव्रत सिंह राजावत को राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। हिमांशु शर्मा ने सतीश पूनिया के अध्यक्ष रहने के दौरान प्रदेश युवा मोर्चा की कमान संभाली थी। उन्हें पूनिया का करीबी माना जाता है। उनकी नियुक्ति में पूनिया फैक्टर का भी अहम योगदान माना जा रहा है। सतीश पूनिया इस समय बीजेपी की राष्ट्रीय टीम में महामंत्री हैं। वहीं देवव्रत सिंह राजावत जयपुर देहात दक्षिण बीजेपी में जिला मंत्री हैं। वे इस बार जिला परिषद का चुनाव भी लड़ रहे हैं। वार्ड 33 से बीजेपी ने उन्हें टिकट दिया है। इनके पिता राम सिंह चंदलाई राजपूत सभा भवन जयपुर के अध्यक्ष हैं। बीजेपी ने प्रदेश से ब्राह्मण और राजपूत कोटे से एक-एक नेता को जगह दी है। दोनों ही बीजेपी का कोर वोट बैंक माने जाते हैं।