श्रीगंगानगर से भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी के साथ जनसुनवाई के दौरान मारपीट का मामला सामने आया है। विधायक का आरोप है कि AEN समेत तीन अधिकारियों ने उनके साथ मारपीट की। विधायक ने कहा- मेरी एक आंख और चेहरे पर चोट आई है, मेरा चश्मा भी टूट गया है। विधायक की शिकायत पर जवाहर नगर थाना पुलिस ने तीनों अधिकारियों RUIDP के AEN जगनलाल बैरवा, प्रोजेक्ट मैनेजर शहनवाज और LT कंपनी के प्लानिंग मैनेजर सोएम को गिरफ्तार किया है। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि राजस्थान अरबन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट (RUIDP) के अफसर जब विधायक केंद्र पहुंचे तो विधायक ने गालियां देनी शुरू कर दी। दो अफसरों के साथ मारपीट की गई, इसमें एक की शर्ट फट गई, जिसे नई शर्ट लाकर दी गई। इस दौरान कर्मचारियों के फोन भी जब्त कर लिए गए। मामला एसडी बिहाणी कॉलेज में संचालित विधायक सेवा केंद्र में गुरुवार सुबह 11 बजे का है। जवाहर नगर थाने के सीआई देवेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि विधायक के साथ मारपीट करने के मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। विधायक बोले- RUIDP के अफसर जिम्मेदारी थोप रहे थे विधायक ने कहा- RUIDP और LT कंपनी ने पूरे शहर की पानी सप्लाई को बाधित कर रखा है। पुरानी आबादी और करणपुर रोड क्षेत्र में पिछले 7 दिनों से पानी की एक बूंद नहीं पहुंच रही है। लोगों को बाथरूम जाने तक का पानी नहीं मिल पा रहा है। इनके पास न लाइनमैन है, न वालमैन। समस्या बताने पर ये PHED पर जिम्मेदारी थोप देते हैं, जबकि PHED अधिकारी कहते हैं कि उनके पास पर्याप्त स्टोरेज है और जरूरत पड़ने पर पूरे शहर को सप्लाई कर सकते हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर विधायक सेवा केंद्र में मीटिंग बुलाई गई थी। एक्सईएन किशन धारीवाल ने सुबह 9:30 बजे और फिर 11 बजे RUIDP व LT अधिकारियों को फोन कर बुलाया, लेकिन वे नहीं पहुंचे। जब मैं खुद जाने लगा तो RUIDP के सहायक अभियंता (AEN) जगनलाल बैरवा और प्रोजेक्ट मैनेजर शाहनवाज विधायक सेवा केंद्र पहुंच गए। AEN ने मुझ पर हमला किया, चेहरे पर मारा विधायक बिहाणी ने बताया- मैं उनसे बस इतना पूछ रहा था कि क्या आपको जनता की कोई चिंता है या नहीं? यह कहते ही RUIDP के AEN जगनलाल बैरवा ने मुझ पर हमला बोल दिया। उन्होंने मेरा चश्मा तोड़ दिया और आंख के नीचे चोट पहुंचाई। मैंने पुलिस को फोन किया। पुलिस मौके पर पहुंची और तीन अधिकारियों को पकड़कर ले गई। विधायक ने कहा कि तीनों के खिलाफ FIR दर्ज कराई जा रही है। मैंने इस मामले में विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को शिकायत करने की भी बात कही है। डेडलाइन कब की खत्म हुई, फिर भी काम अधूरा विधायक जयदीप बिहाणी ने आरोप लगाया कि सरकार की 550 करोड़ रुपए की महत्वाकांक्षी जल योजना की समय सीमा कब की खत्म हो चुकी है, लेकिन RUIDP और LT का काम अभी तक अधूरा पड़ा है। उन्होंने कहा- पिछली सरकार में इन दोनों ने मिलकर जो भ्रष्टाचार का भट्ठा बैठाया था, अब उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहर की जनता अब जागरूक हो चुकी है। विधायक ने कहा कि इन अधिकारियों पर करोड़ों रुपए की धांधली का शक है। अब सरकार को इनकी पूरी जांच करनी चाहिए। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा- अफसरों की शर्ट फाड़ी, पीटा गया प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा- RUIDP के AEN जगनलाल बैरवा और LT के प्रोजेक्ट मैनेजर शाहनवाज हसन विधायक केंद्र पहुंचे तो विधायक जयदीप ने गालियां देनी शुरू कर दी। दोनों अफसरों से मारपीट की गई। इसमें जगनलाल बैरवा की शर्ट फट गई। जगनलाल को नई शर्ट लाकर पहनाई गई। यही नहीं विधायक बिहाणी ने इन सभी कर्मचारियों के फोन भी जब्त कर लिए। गहलोत ने किया पोस्ट
श्रीगंगानगर से भाजपा विधायक श्री जयदीप बिहाणी के साथ RUIDP के अधिकारियों द्वारा मारपीट प्रदेश में बढ़ती जा रही अराजकता का प्रतीक है। एक सत्ताधारी विधायक के साथ ही यदि ऐसी मारपीट होगी तो आम जनता की क्या स्थिति होगी?सरकार ऐसी घटनाओं को गंभीरता से ले, जनता के बीच सरकार का इकबाल… pic.twitter.com/yHtNN9T1QE— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) April 30, 2026
जूली ने लिखा- भाजपा विधायक ही सुरक्षित नहीं राजस्थान में बढ़ते जंगलराज और अराजकता का आलम यह है कि सत्तारूढ़ भाजपा विधायक भी सुरक्षित नहीं है। श्रीगंगानगर में विधायक श्री जयदीप बिहाणी पर RUIDP के अधिकारियों द्वारा हमला किया गया है जिससे उनके चोट लगी है। श्री बिहाणी सत्ताधारी पार्टी के विधायक हैं, उनकी पिटाई दिनदहाड़े हो… pic.twitter.com/8RNdSpD6Bl— Tika Ram Jully (@TikaRamJullyINC) April 30, 2026
