ब्यावर जिला मुख्यालय पर गुरुवार को कांग्रेस सेवादल ने अपने संस्थापक और स्वतंत्रता सेनानी डॉ. एन.एस. हार्डीकर की 137वीं जयंती मनाई। चांग गेट के पास गांधी सर्किल पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। सेवादल जिलाध्यक्ष एडवोकेट विक्रम सोनी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. हार्डीकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “एन. एस. हार्डीकर अमर रहें” और “जब तक सूरज-चांद रहेगा, हार्डीकर जी का नाम रहेगा” जैसे नारे लगाए। भीषण गर्मी को देखते हुए आमजन को ठंडा केरी पानी और रूह अफजा शरबत वितरित कर जल सेवा भी की गई। सेवादल की राष्ट्रीय नेत्री कल्पना भटनागर ने डॉ. हार्डीकर के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने वर्ष 1923 में सेवादल की स्थापना कर अनुशासित कार्यकर्ताओं की एक सशक्त टोली तैयार की थी। ब्यावर ब्लॉक अध्यक्ष अजय शर्मा ने सेवादल को कांग्रेस पार्टी की “रीढ़ की हड्डी” बताया। खनिज विभाग के प्रदेश अध्यक्ष आशीष पद्मावत ने कहा कि सेवादल सेवा कार्यों के साथ-साथ संगठन को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रदेश नेत्री गंगा रावत, प्रदेश महासचिव सोहन मेवाड़ा, पूर्व जिला महिला अध्यक्ष राधिका शर्मा, पूर्व प्रतिपक्ष नेता दलपतराज मेवाड़ा, पूर्व सेवादल अध्यक्ष बालूराम सेन और नगर कांग्रेस अध्यक्ष भरत बाघमार सहित अन्य वक्ताओं ने सेवादल को आमजन की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने वाला संगठन बताया। उन्होंने नए कार्यकर्ताओं को जोड़कर संगठन को सुदृढ़ करने के निरंतर प्रयासों पर जोर दिया। वक्ताओं ने यह भी कहा कि पिछले 104 वर्षों से सेवादल अपने संस्थापक डॉ. हार्डीकर के विचारों का अनुसरण करते हुए सेवा, अनुशासन और संगठन की मजबूती की दिशा में कार्य कर रहा है। इस अवसर पर एडवोकेट सुलक्षणा शर्मा, जानवी भारवानी, उर्मिला सोलंकी, अंतिमा ओझा, प्रदीप बोहरा, देवकरण शर्मा, लोकेश कुमार, चंद्रशेखर शर्मा, हिमांशु शर्मा, महेंद्र सामरिया, बिरादाराम सैनी, पवन तातेड, बाबूलाल पंवार, एडवोकेट मगन सोलंकी और डॉ. अरविंद माथुर सहित बड़ी संख्या में सेवादल कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
