भरतपुर में बेटे पर काला जादू करने के शक में पिता ने साले और उसके दोस्त के साथ मिलकर तांत्रिक की हत्या की थी। आरोपी को लगता था कि तांत्रिक ने उसके बेटे को बीमार किया है और जानबूझकर ठीक नहीं कर रहा है। जबकि उसने डॉक्टर को दिखाया तो उन्होंने कोई बीमारी नहीं होने की बात कही थी। इसके बाद आरोपी ने अपने साले और साले के दोस्त के साथ मिलकर तांत्रिक को मारने का प्लान बनाया। उसने प्लॉट दिखाने के बहाने तांत्रिक को बुलाया और गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद लाश को झाड़ियों में फेंक दिया था। पुलिस ने 4 दिन में मामले का खुलासा कर दिया और आरोपी जीजा-साला और साले के दोस्त ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और मृतक आपस में रिश्तेदार थे। मामला सेवर थाना इलाके का है। झाड़ियों में मिली थी लाश
SHO सतीश चंद शर्मा ने बताया- 24 जून को कंट्रोल रूम के जरिए सूचना मिली थी कि सेक्टर-13 में सुनसान झाड़ियों के पास एक लाश पड़ी है। इसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव की तलाशी ली। इस दौरान सामने आया कि गोली मारकर व्यक्ति की हत्या की गई है। SHO ने बताया- मृतक की पहचान कालीचरण (65) निवासी बयाना (भरतपुर) के रूप में हुई थी। उसके नाती यश गोयल ने हत्या का मामला दर्ज करवाया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और CCTV फुटेज खंगाले। इस दौरान मृतक कालीचरण के साढ़ू के बेटे राजू, राजू के साले कृष्ण और कृष्ण के दोस्त वीरेंद्र की भूमिका संदिग्ध लगी। राजू को तंत्र विद्या का शक था
SHO ने बताया- पुलिस ने तीनों को डिटेन कर पूछताछ की तो उन्होंने हत्या करना कबूल कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि कालीचरण तंत्र विद्या करता था। उसने राजू के परिवार के लोगों का तंत्र विद्या से इलाज किया था। इसके बाद कालीचरण की तंत्र विद्या से राजू और उसका बेटा सत्यम (21) बीमार रहने लगे थे। राजू को लगा था कि कालीचरण ने तंत्र विद्या से सत्यम को बीमार किया है और उसके कारण ही बेटा मरने की हालत में है। राजू ने बताया- उसने अपने बेटे सत्यम को डॉक्टर को दिखाया तो डॉक्टर ने कहा कि सत्यम को कोई बीमारी नहीं है। इसके बाद उसको लगता था कि कालीचरण जानबूझकर सत्यम को सही नहीं कर रहा। कालीचरण तंत्र विद्या से सब कुछ कर सकता है। प्लॉट दिखाने की बहाने लेकर गए थे
आरोपी राजू ने बताया- उसने कालीचरण को मारने का प्लान बनाया। इसमें अपने साले कृष्ण और साले के दोस्त वीरेंद्र निवासी मथुरा (उत्तर प्रदेश) को भी शामिल किया। प्लान के तहत राजू ने 24 जून को कालीचरण को प्लॉट दिखाने के बहाने भरतपुर बुलाया। यहां सेक्टर-13 में पहले से मौजूद कृष्ण और वीरेंद्र के पास कालीचरण को छोड़ आया। इसके बाद कृष्ण और वीरेंद्र ने गोली मारकर कालीचरण की हत्या कर दी और लाश झाड़ियों में फेंक दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। —————- हत्या से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… गले और पेट में गोली मारकर बुजुर्ग की हत्या:पूजा पाठ करने का काम करता था बुजुर्ग, साढ़ू के बेटे ने फोन कर बुलाया था भरतपुर के सेवर थाना इलाके में कल एक बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी गई। कल शाम को पुलिस को बुजुर्ग का शव सेक्टर-13 में पड़ा मिला। (पढ़ें पूरी खबर)