झालावाड़ के सुनेल क्षेत्र में एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। सामरिया पावर हाउस के पास पानी का टैंकर ले जा रहा एक ट्रैक्टर बेकाबू होकर पलट गया। मृतक की पहचान अरनिया गांव निवासी कन्हैयालाल पुत्र तूफान सिंह के रूप में हुई है। वह सामरिया गांव स्थित पावर हाउस में काम करता था। परिजनों ने बताया कि कन्हैयालाल पानी के टैंकर वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठकर किसी काम से जा रहा था। अचानक ट्रैक्टर के सामने एक बाइक चालक आ गया। उसे बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर ड्राइवर स्टीयरिंग पर नियंत्रण खो बैठा। इसके परिणामस्वरूप, पानी का टैंकर ले जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खाई में जा गिरी और पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर पर बैठा कन्हैयालाल दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत सुनेल अस्पताल ले गए, लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए एंबुलेंस से झालावाड़ के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। झालावाड़ जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पुलिस चौकी ने शव को मोर्चरी में रखवाकर सुनेल थाना पुलिस को सूचना दी। सुनेल थाना पुलिस झालावाड़ पहुंची, परिजनों से रिपोर्ट ली और शव का पोस्टमार्टम करवाया। शाम को शव परिजनों को सौंप दिया गया।