कुचामन में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने 2 बाइक सवारों को कुचल दिया। एक दवा कंपनी में रीजनल सेल्स मैनेजर थे और दूसरे एमआर थे। दोनों मार्केटिंग के लिए निकले थे। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पूरी तरह पिचक गई, टायर फट गए और आगे का हिस्सा बुरी तरह डैमेज हो गया। स्कॉर्पियो चला रहा युवक SUV छोड़ मौके से भाग निकला। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ड्राइवर की तलाश में जुटी है। मामला दल्ला बालाजी रोड का सोमवार शाम 5:30 बजे का है। कुचामन सीओ मितेश चौधरी और कुचामन SHO महावीर सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और मामले में जांच शुरू की है। दवा कंपनी में काम करते थे कुचामन SHO महावीर सिंह ने बताया- स्कॉर्पियो की टक्कर से मनीष कौशिक (48) और रामावतार (40) की मौके पर ही मौत हो गई है। दोनों एक दवा कंपनी में काम करते थे। मनीष RSM था और रामअवतार मेडिकल एमआर थे। परिजनों के अनुसार, मनीष कौशिक की पत्नी की 7 साल पहले ही मौत हुई थी। उनके 2 बच्चों के सिर से अब पिता का साया भी उठ गया है। उनकी बड़ी बेटी वनस्थली विद्यापीठ में पढ़ाई कर रही है, जबकि छोटा बेटा कुचामन के ही एक निजी स्कूल में 12वीं में पढ़ता है। रामावतार की भी 8 साल पहले शादी हुई थी। उनके कोई बच्चा नहीं है। कुचामन पुलिस ने दोनों के शवों को राजकीय जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पुलिस क्षतिग्रस्त वाहन को थाने ले आई है और फरार स्कॉर्पियो ड्राइवर की तलाश कर रही है। अब देखिए मौके की तस्वीरें… हादसे से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… नागौर के श्रद्धालुओं की बस हरिद्वार में डंपर से टकराई:एक महिला की मौत, 37 यात्री घायल, बस मालिक का परिवार घूमने गया था राजस्थान के श्रद्धालुओं की बस को हरिद्वार डंपर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस बेकाबू होकर सड़क पर पलट गई और डंपर अनियंत्रित होकर पास में खड़ी बोलेरो को टक्कर मारते हुए एक ढाबे में घुस गया। (पढ़ें पूरी खबर)