घर में सो रहे बुजुर्ग दंपती की लाश मिली है। महिला के पैरों से चांदी के कड़े गायब हैं। आशंका जताई जा रही है कि लूट के इरादे से पति-पत्नी की हत्या कर दी गई। मामला जैसलमेर से करीब 65 किमी दूर मोहनगढ़ इलाके के भील बस्ती का है। शनिवार सुबह करीब 9 बजे सबसे पहले भांजे ने शव देखा। पति का शव आंगन और पत्नी का शव कमरे में पड़ा था। शव देखकर भांजे ने गांव वालों को बुलाया
मृतकों की पहचान लाखाराम (90) पुत्र पहलादराम और उनकी पत्नी रेशमा (85) के रूप में हुई है। दोनों बुजुर्ग दंपती के कोई संतान नहीं है। दोनों घर में अकेले ही थे। शनिवार सुबह लाखाराम की बहन का बेटा चंदाराम मिलने पहुंचा था। शव देखकर उसके होश उड़ गए। उसने फौरन गांव वालों को बुलाया। गहने गायब, लूट के लिए हत्या की आशंका
मोहनगढ़ थाना प्रभारी बाबूराम डेलू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि रेशमा के पैरों के चांदी के कड़े गायब हैं। घर के आस-पास कुछ पैरों के निशान भी मिले हैं। एसपी अभिषेक शिवहरे ने बताया- दोनों के शव उनके घर में ही मिले हैं। हमारी टीम ने मौके पर जाकर पड़ताल की है। प्रथम दृष्टया बॉडी पर कहीं भी चोटों के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। थाना प्रभारी बाबूराम डेलू ने बताया कि एफएसएल टीम को बुलाया गया है। शवों को मोहनगढ़ ले जाया गया, जहां इनका पोस्टमॉर्टम होगा। इनपुट सहयोग: गजेंद्र सोनी
