राजस्थान में रविवार को बीजेपी प्रदेश कार्यालय से लेकर बूथ स्तर पर पीएम नरेंद्र मोदी के मन की बात सुनने के लिए कार्यक्रम हुए। इन कार्यक्रमों में पहुंचने वाले पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से पार्टी ने अपील की थी कि वे ईवी, साइकिल, कार पूलिंग, सार्वजनिक परिवहन (सरकारी बस) और संभव हो सके तो पैदल पहुंचे। जिससे लोगों को वैश्विक संकट के समय किफायत बरतने का ठोस संदेश दिया जा सके। हालांकि पार्टी के पदाधिकारियों ने ही पार्टी की अपील को दरकिनार कर दिया। कुछ पदाधिकारियों और नेताओं को छोड़कर अधिकतर हमेशा की तरह अपनी पेट्रोल-डीजल की गाड़ी से ही कार्यालय पहुंचे। केवल एक पदाधिकारी को छोड़कर किसी ने भी कार पुलिंग का इस्तेमाल नहीं किया। सभी लोग अपनी गाड़ी में अकेले बैठकर आए। कोई भी ऐसा नहीं था जो साइकिल, सार्वजनिक परिवहन या पैदल पहुंचा हो। ये नेता अपनी पेट्रोल-डीजल गाड़ियों से पहुंचे प्रदेश पदाधिकारियों में महामंत्री भूपेन्द्र सैनी, प्रदेश मंत्री अपूर्वा सिंह, प्रदेश मंत्री एकता अग्रवाल, प्रदेश मंत्री अजीत मांडन, पूर्व प्रदेश मंत्री वासुदेव चावला, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ज्योति खंडेलवाल, जयपुर शहर बीजेपी अध्यक्ष अमित गोयल, प्रदेश मीडिया संजोयक प्रमोद वशिष्ठ सहित अधिकतर पदाधिकारी, प्रदेश प्रवक्ता और नेता अपनी-अपनी पेट्रोल-डीजल गाड़ियों से पहुंचे। किसी ने भी ईवी कार, ई-रिक्शा, कार पुलिंग और साइकिल का इस्तेमाल नहीं किया। प्रदेश अध्यक्ष सहित 4 नेता ईवी से पहुंचे मन की बात कार्यक्रम में केवल प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ सहित 4 पदाधिकारी ऐसे रहे, जो ईवी कार से पहुंचे। महिला मोर्चा अध्यक्ष राखी राठौड़, कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, प्रदेश प्रवक्ता नरेन्द्र कटारा भी ईवी कार से प्रदेश बीजेपी कार्यालय आए। प्रदेश महामंत्री मुकेश दाधीच कार पुलिंग करके पहुंचे। प्रदेश महामंत्री श्रवण बगड़ी ने दी थी जानकारी दरअसल, मीडिया से बात करते हुए प्रदेश महामंत्री श्रवण बगड़ी ने 25 मई को कहा था कि बीजेपी ने पीएम मोदी की अपील को जन-जन तक पहुंचाने का प्लान बनाया है। इसके लिए प्रदेश संगठन ने 31 मई को आयोजित होने वाले पीएम मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में शामिल होने वाले नेता-कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे ईवी, ई-रिक्शा, साइकिल और पैदल चलकर पहुंचे। उन्होंने कहा था- भाजपा संगठन के सभी कार्यालय ऊर्जा और ईंधन की खपत में 50 प्रतिशत तक बचत का लक्ष्य लेकर कार्य करेंगे। ये खबर भी पढ़ें… मंत्री-अफसरों की विदेश यात्राओं पर रोक:अधिकारियों-कर्मचारियों को कार पुलिंग के निर्देश, सरकारी खर्च घटाने का सर्कुलर जारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल बचाने सहित सात तरह की अपील के बाद राज्य सरकार ने सर्कुलर जारी किया है। मंत्रियों, अफसरों और कर्मचारियों की सरकारी खर्च पर विदेश यात्रा पर रोक लगा दी है।वित्त विभाग ने फ्यूल बचाने के साथ सरकारी विभागों में खर्च घटाने के लिए गाइड लाइन भी जारी की है। सभी विभागों को इसका कठोरता से पालन करने का आदेश दिया गया हैं। (पूरी खबर पढ़ें)
