उदयपुर में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा- राजस्थान की भाजपा सरकार एक महीने में राजनीतिक नियुक्तियां करेंगी। इसकी घोषणा जल्द की जाएगी और पार्टी कार्यकर्ताओं को अवसर दिया जाएगा। उदयपुर में मंगलवार को प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान सवालों के जवाब देते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने यह कहा। राठौड़ दो दिवसीय दौरे पर हैं। पाली रवाना से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य में राजनीतिक नियुक्तियों के सवाल के जवाब में राठौड़ बोले- एक महीने में हम ये सीटें भर देंगे। वैसे हमने वित्त आयोग, देवनारायण बोर्ड, किसान आयोग में नियुक्तियां की हैं। वहीं नीट पेपर लीक के सवाल पर राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को निशाने पर लिया। राठौड़ ने कहा- 100-100 चूहे खाकर बिल्ली हज को चली। गहलोत के राज में 17 पेपर लीक हुए, वो ये विषय उठा रहे हैं। राठौड़ ने कहा- अशोक गहलोत और सचिन पायलट ये बात उठा रहे हैं, यह अत्यंत शर्मनाक है। खुद के समय क्या हुआ यह देखें, भजनलाल सरकार में पेपर लीक नहीं हुआ। इस दौरान राठौड़ ने उदयपुर फाइल्स को लेकर कहा- इसमें मीडिया ट्रायल नहीं हो, जांच में जो भी होगाा, साफ हो जाएगा। इन आयोग-बोर्ड में पद हैं खाली प्रदेश में भाजपा सरकार में अभी कई राजनीतिक नियुक्तियों वाले पद खाली हैं। इसमें महिला आयोग, आरटीडीसी, बाल आयोग, ओबीसी आयोग, वक्फ बोर्ड, अल्पसंख्यक आयोग, समाज कल्याण सलाहकार बोर्ड, राज्य खेल परिषद सहित अन्य संस्थानों में पद खाली हैं। खादी बोर्ड, बीज निगम, आवासन मंडल, हज कमेटी, डांग विकास बोर्ड, मगरा विकास बोर्ड और जन अभाव अभियोग निराकरण समिति शामिल हैं। इसके अलावा जिलों में विकास प्राधिकरण और यूआईटी जैसी संस्थाओं में चेयरमैन लगाए जाने हैं। उदयपुर फाइल्स पर बोले- एआई से कुछ भी बन जाता है उदयपुर फाइल्स के सवाल पर मदन राठौड़ ने कहा- एआई से कुछ भी बन सकता है। उन्होंने पत्रकार से कहा कि आप खड़े हुए हैं और अभी मेरे मोबाइल से एआई से आपको चलता हुआ दिखा सकता हूं। पत्रकारों ने पूछा- चार्जशीट में एआई वीडियो नहीं होने की बात आई है तो राठौड़ बोले- आप मीडिया ट्रायल मत कीजिए। ये पुलिस, कोर्ट ट्रायल करेगी। जांच होने दीजिए। आप और हम यह नहीं कर सकते हैं। उदयपुर फाइल्स मामले को लेकर 14 नेताओं के नाम के सवाल पर राठौड़ बोले- मुझे नाम दे देना, जांच करवा दूंगा। उदयपुर भाजपा के विवाद पर बोले- मैंने संज्ञान लिया है उदयपुर में भाजपा धड़ों में बंटने और आए दिन भाजपा में सोशल मीडिया चिट्ठी बम और एक दिन पहले उनके कार्यक्रम में एक गुट के नेताओं के नहीं आने के सवाल पर कहा कि इस मामले में मैंने संज्ञान लिया है। आगे ऐसा बीजेपी में नहीं होगा। जब उनसे पूछा- क्या संज्ञान लिया तो बोले कि हमारे परिवार में हमने बात कर ली। उन्होंने यह भी कहा- अब उदयपुर भाजपा में पत्र नहीं चलेंगे, मैंने बात कर ली है। नीट पर बोले- राजस्थान से कोई लिंक नहीं नीट पर मदन राठौड़ बोले- नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा रद्द कर दी है। इसमें स्टूडेंट को न फीस देनी, न आवेदन करना है। ये कैसे-क्या हुआ, जांच का विषय है। हमारे यहां पेपर लीक नहीं हुआ। अन्य प्रदेश केरल से हुआ। जांच हो रही है। सब सामने आ जाएगा। दोषी को दंडित किया जाएगा। मैं मानता हूं कि पेपर लीक नहीं होना चाहिए था। बिल्कुल गलत हुआ, लेकिन केंद्र सरकार को इसमें धन्यवाद देता हूं कि तत्काल निर्णय लिया। किसी के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं हो, इसका पूरा ध्यान रखा। राठौड़ ने कहा- राजस्थान से इसका कोई लिंक नहीं है। सोना खरीद लिया तो दंडित थोड़े किया जाएगा पीएम मोदी के 7 संकल्पों को लेकर मदन राठौड़ ने कहा- इसका मतलब यह है कि संयमित जीवन जीएं, आवश्यकता की पूर्ति जरूर करो। सर्राफा व्यापारियों को लेकर कहा- शादी होगी तो जेवर बनेंगे, लेकिन खरीद कर अंदर रखें, ये नहीं हो। खरीदने पर रोक नहीं है। ये पीएम की सलाह है, अपील है। रोक नहीं है, सोना खरीद लिया तो दंडित नहीं किया जाएगा। राहुल गांधी के नाकामी की बात पर राठौड़ ने कहा- राहुल गांधी को कई राज्यों ने नकार दिया। वे अपना संगठन भी नहीं चला पा रहे और वे देश की बात कर रहे हैं। उनकी बातों से हमारे देश की प्रतिष्ठा धूमिल होती है। जब बंगाल में चुनाव थे, तब वे विदेश क्यों भाग गए, ये कांग्रेस नेताओं से पूछना चाहिए। हमने उपचुनाव में कांग्रेस को धूल चटाई मदन राठौड़ ने कहा- अभी राजस्थान में पंचायतीराज और स्थानीय निकाय के 73 उप चुनाव हुए, उसमें से 63 भाजपा और 10 कांग्रेस ने जीती है। हमने उप चुनाव में उन्हें धूल चटाई है। अपनी पीठ थपथपाने का काम नहीं करें। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निकाय चुनाव में भाजपा की हार के सर्वे पर चुनाव नहीं करवाने के सवाल पर राठौड़ ने यह कहा। वन स्टेट-वन इलेक्शन की वजह से रुके चुनाव पंचायतीराज और स्थानीय निकायों के चुनाव नहीं कराने पर मदन राठौड़ बोले- वन स्टेट-वन इलेक्शन कराने की सोच की वजह से चुनाव रुके हैं। हमारी मंशा है कि सब चुनाव एक साथ हो जाएं और उससे जमकर विकास का काम हो। भाजपा कार्यकर्ताओं के होने वाले काम होंगे भाजपा कार्यकर्ताओं की सुनवाई नहीं होने के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ बोले- काम होने वाला है तो काम होगा ही, कोई अधिकारी रोकेगा नहीं। ऐसा हमारे यहां नहीं है, लेकिन ऐसी कोई शिकायत आएगी तो मै समाधान करूंगा। इस दौरान राठौड़ के साथ सांसद डाॅ. मन्नालाल रावत, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, भाजपा शहर अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, देहात अध्यक्ष पुष्कर तेली और भाजपा नेता प्रमोद सामर मौजूद रहे। संबंधित खबरें भी पढ़े… उदयपुर में राठौड़ बोले- पोल खुलने का डर,वे विरोध करते:धुरंधर मूवी का दिया उदाहरण; जमानत पर आए विपक्षी नेता कैसे कुछ बोल सकते हैं उदयपुर फाइल्स पर 44 दिन बाद चार्जशीट पेश:पुलिस ने हिडन कैमरा लगी डिजिटल घड़ी बरामद की, एआई जेनरेटेड वीडियो के नहीं मिले सबूत
