बीकानेर में बिजली चोरी की सूचना पर पहुंचे बिजली कंपनी (बीकेईएसएल) के इंजीनियर और कर्मचारियों के साथ भीड़ ने मारपीट कर दी। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बिजली कंपनी के अधिकारियों ने घर में घुसकर अभद्र व्यवहार किया। पुलिस के सामने ही लोगों ने कंपनी के अधिकारी-कर्मचारियों को घेर लिया और मुक्के बरसाए। वहीं आरोप लगाया कि बिजली कंपनी के लोगों ने भी स्थानीय लोगों के साथ मारपीट की थी। इसके बाद बिजली कंपनी से भी करीब 150 कर्मचारी मौके पर आ गए। इसके बाद यहां माहौल गरमा गया। मामला बीकानेर के नया शहर थाना इलाके के नत्थानियों के सराय का दोपहर 1 बजे का है। स्थानीय और बिजली कंपनी के लोग आमने-सामने विवाद शुरू होने के दौरान मौके पर कंपनी की ओर से तीन गाड़ियों में टीम मौके पर पहुंची थी। स्थानीयाें से विवाद होने के बाद कंपनी के अन्य अधिकारी, कर्मचारी और श्रमिक भी मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते डेढ़ सौ से ज्यादा कंपनी के कर्मचारी मौके पर आ गए। वहीं नयाशहर पुलिस भी फोर्स के साथ पहुंची। 50 से ज्यादा पुलिसकर्मी अभी भी मौके पर हैं। वहीं नत्थानियों की सराय के 300 से ज्यादा लोग मौके पर जमे हुए हैं। कंपनी ने कहा- दोनों पक्ष बातचीत कर रहे बीकेईएसएल कंपनी प्रवक्ता अशोक शर्मा ने बताया- हमारी ओर से फिलहाल FIR नहीं करवाई गई है, दोनों पक्षों में बातचीत चल रही है। घटना के समय अभियंता और कर्मचारियों के साथ कंपनी के अधिकारी भी उपस्थित थे। बिजली चोरी की मिल रही थी शिकायत जानकारी के अनुसार, लंबे समय से बीकेईएसल कंपनी को इस क्षेत्र में बिजली चोरी की शिकायत मिल रही थी। कुछ समय पहले जब कंपनी ने यहां पर कनेक्शन काटने की कोशिश की तो स्थानीय महिलाओं ने विरोध किया। बाद में इनके समर्थन में अन्य लोग भी पहुंच गए। काफी देर तक दोनों पक्षों में विवाद हुआ। कनेक्शन काटने पहुंचे तो हंगामा जानकारी के अनुसार, इसके बाद गुरुवार दोपहर फिर से बिजली कंपनी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंची। दो-तीन गाड़ियों में आए बीकेईएसएल के अधिकारियों ने कनेक्शन काटना चाहा तो स्थानीय लोगों ने हंगामा कर दिया। इस बार पहले से ज्यादा भीड़ एकत्र हुई और बीकेईएसएल कर्मचारियों के साथ पहले धक्का मुक्की हुई और बाद में मारपीट की गई।