नागौर में बजरी माफियाओं से जुड़े दो बीच सड़क पर भिड़ गए। यहां एक-दूसरे पर पिकअप चढ़ाने का प्रयास किया। इतना ही नहीं पत्थर मारकर घायल करने की कोशिश की और गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। घटना 9 मार्च रात करीब 11 बजे मेड़ता सिटी के जोधपुर रोड की है। इस मामले में एक पक्ष विवेक की ओर से 11 मार्च बुधवार को मामला दर्ज करवाया गया है। वहीं दूसरे अरविंद गुट की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि विवेक और अरविंद दोनों बजरी के कारोबार से जुड़े है। इसी को लेकर दोनों की बीच में विवाद था। इसे लेकर दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया। फोटो में देखिए कैसे बीच सड़क भिड़े दोनों गुटों के लोग…
दोनों गुटों के लोगों ने एक-दूसरे को पीटा मेड़ता थानाधिकारी धर्मेश दायमा के अनुसार पुलिस टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची थी, लेकिन तब तक वहां कोई मौजूद नहीं था। विवेक की ओर से दी रिपोर्ट में बताया कि उसके साथ मारपीट कर सोने की चेन तोड़ दी। विवेक की रिपोर्ट पर पुलिस ने अनिल चौधरी और अरविंद कमेड़िया समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि जिस अरविंद पर मारपीट का आरोप लगाया है, वीडियो में वह भी पीटता हुआ नजर आ रहा है। हालांकि अभी तक अरविंद की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है। बीच सड़क पर दौड़ाई पिकअप, पत्थर उठाकर मारा इस पूरी घटनाक्रम का सीसीटीवी और मारपीट का वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि विवेक गुट से पांच और अरविंद गुट से करीब 4 लोग थे। बजरी के कारोबार को लेकर दोनों ने एक दूसरे पर हमला कर दिया। इस दौरान दोनों गुटों के लोगों ने बीच सड़क पिकअप दौड़ाई। इसके बाद एक-दूसरे पर लाठियों से हमला किया। इसी दौरान एक युवक पर पत्थर उठाकर मार दिया। इसके साथ ही एक-दूसरे पर लाठियों से हमला किया। इस बीच पिकअप लेकर आए बदमाशों पर लाठियों से हमला कर गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। इस मामले में एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि मामला सामने आया है। एक पक्ष की ओर से रिपोर्ट दी गई है। एक मामला पुलिस की ओरसे भी दर्ज किया जा रहा है। किसी भी तरह की गैंग या बदमाशों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
