Barmer Road Accident: बाड़मेर शहर से होकर गुजरने वाले जैसलमेर रोड पर नवले की चक्की के पास सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में ओपन जेल के दो कैदियों की मौत हो गई। हाईवे पर मृत पशु से टकराने के बाद कार बेकाबू हो गई और डिवाइडर की रेलिंग तोड़ते हुए सामने से आ रहे डंपर से भिड़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और उसमें सवार दोनों कैदी अंदर फंस गए। आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत कर उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना पर रीको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।
