बांसवाड़ा शहर के पास श्यामपुरा जंगल क्षेत्र में शुक्रवार रात करीब 12 बजे दीवार पर दो लेपर्ड घूमते दिखे, जिसका वीडियो सामने आया है। घटनास्थल के पास हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी होने से लोगों में डर बना हुआ है और जॉगिंग ट्रैक पर जाना बंद हो गया है। स्थानीय लोगों ने रात को ही वन विभाग को जानकारी दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। वहीं डीएफओ अभिषेक शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में पहले से लेपर्ड का ठिकाना है और वीडियो की जांच की जा रही है। इससे पहले माही सरोवर नगर, शारदा कॉलोनी और सर्किट हाउस वन क्षेत्र में भी लेपर्ड की मूवमेंट दर्ज हो चुकी है। पास में हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, लोगों में डर घटनास्थल के बिल्कुल पास हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित है। घनी आबादी वाले इस क्षेत्र के पास लेपर्ड दिखने से कॉलोनी के लोगों में डर बना हुआ है। लोगों का कहना है कि अब लेपर्ड शहर की सरहद के बहुत करीब पहुंच गए हैं। रात को ही लोगों ने वन विभाग को जानकारी दी, लेकिन शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसी क्षेत्र के पास एक जॉगिंग ट्रैक भी बना हुआ है, जहां रोज लोग जॉगिंग करने आते थे। लेपर्ड का मूवमेंट सामने आने के बाद लोगों ने वहां जाना बंद कर दिया है। कल रात के बाद क्षेत्र में सन्नाटा है, लोगों में डर का माहौल है और जहां मूवमेंट दिखा है वहां लोगों ने आना-जाना पूरी तरह बंद कर दिया है। इसकी जानकारी वन विभाग को भी है। वन विभाग पर कार्रवाई नहीं करने के आरोप शहर के पास और कॉलोनियों के नजदीक लेपर्ड की मौजूदगी के बावजूद वन विभाग की ओर से पिंजरा लगाने या पकड़ने के ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। इसे लेकर लोगों में नाराजगी है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि लेपर्ड को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाए। डीएफओ बोले- क्षेत्र में पहले से ठिकाना, जांच जारी डीएफओ अभिषेक शर्मा ने बताया कि श्यामपुरा क्षेत्र में लंबे समय से लेपर्ड का ठिकाना है और टीम लगातार निगरानी कर रही थी। रात को मूवमेंट की सूचना और वीडियो मिला है, वीडियो कब का है इसकी जांच की जा रही है। पहले भी कई क्षेत्रों में दिख चुका मूवमेंट यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले माही सरोवर नगर, शारदा कॉलोनी और सर्किट हाउस वन क्षेत्र के आसपास भी लेपर्ड की मूवमेंट दर्ज की जा चुकी है। स्थानीय लोगों के अनुसार लेपर्ड अक्सर सर्किट हाउस की बाउंड्री वॉल पर बैठा दिखाई देता है। हनुमान मंदिर के पास भी पहले इसे देखा गया था। पहले कलेक्टर बंगले और शहर में भी दिखा था 16 सितंबर 2025 को कलेक्टर के बंगले की दीवार पर भी लेपर्ड पहुंच गया था। इसके अलावा शहर की गलियों में घूमते हुए लेपर्ड के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ चुके हैं।
