पंजाब के बरनाला जिले में महल कलां पुलिस ने एक व्यक्ति को हेरोइन और अवैध देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस प्रमुख के दिशा-निर्देशों पर नशों और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। जिला बरनाला के पुलिस प्रमुख मोहम्मद सरफराज आलम के नेतृत्व और उप पुलिस कप्तान जसपाल सिंह धालीवाल की देखरेख में यह अभियान चलाया गया। थाना महल कलां के मुखी कुलविंदर सिंह धालीवाल और जांच अधिकारी एएसआई गुरतेज सिंह ने बताया कि पुलिस टीम कलाल माजरा को जाने वाली लिंक रोड पर गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान, पुलिस पार्टी पुल सूआ बा-हद महल कलां के पास पहुंची तो एक व्यक्ति पेड़ के नीचे बैठकर लिफाफे में कुछ टटोलता हुआ दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह व्यक्ति घबरा गया और भागने की कोशिश करने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे तुरंत काबू कर लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन, एक .315 बोर का देसी कट्टा और 3 जिंदा कारतूस बरामद हुए। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान कलाल माजरा निवासी हरदीप सिंह उर्फ भोरा के तौर पर हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि वह यह नशा और हथियार कहां से लाया था और इस अवैध कारोबार में उसके साथ और कौन से लोग शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इलाके में नशा तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।