बठिंडा संगत मंडी थाना पुलिस ने गेहूं चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी किए गए 10 गट्टे गेहूं, एक जुगाड़ू रेहड़ी और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है> थाना प्रभारी सुखविंदर सिंह ने बताया कि पिछले काफी समय से शेलरों, गोदामों और मंडियों के फड़ों से गेहूं के गट्टे चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी थी। एसएचओ सुखविंदर सिंह के अनुसार, संगत मंडी के निवासियों के सहयोग से पुलिस ने दो व्यक्तियों को चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सतपाल पुत्र बीरू और उसके बेटे राकेश पुत्र सतपाल के रूप में हुई है। ये दोनों वर्तमान में बीड तलाब की गली नंबर सात में रह रहे थे, जबकि मूल रूप से राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा और सील के निवासी हैं। चोरी किया 10 कट्टा गेहूं बरामद, जुगाड़ रेहड़ी व बाइक पर केस पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए 10 गट्टे गेहूं, वारदात में इस्तेमाल की गई एक जुगाड़ू रेहड़ी और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। पूछताछ में सामने आया है कि ये आरोपी गेहूं के सीजन की शुरुआत से ही इस तरह की चोरियों को अंजाम दे रहे थे। थाना संगत पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 380 और 457 के तहत एफआईआर दर्ज की है। गिरोह में चार पांच अन्य भी शामिल एसएचओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इस गिरोह में इनके साथ 4-5 अन्य लोग भी शामिल हैं। पुलिस ने दो अन्य नामजद व्यक्तियों और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों को पकड़ा जा सके और अन्य वारदातों का खुलासा हो सके।
