जालंधर के फिल्लौर में एक चोरी की एक अनोखी घटना सामने आई है। नूरमहल रोड पर स्थित श्री गुरु रविदास जी के ‘अमृत बाणी भवन’ में एक चोर ने न केवल चोरी की, बल्कि धार्मिक मर्यादाओं का भी उल्लंघन किया। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, चोर रोशनदान के रास्ते अंदर घुसा, गुरु घर में जूते पहनकर नाच-गाना किया और प्रसाद खाया। भागने से पहले हाथ जोड़कर माफी भी मांगी और फिर साउंड सिस्टम व अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। वारदात सीसीटीवी में कैद चोर ने अंदर घुसने के लिए दीवार के ऊपरी हिस्से में बने रोशनदान का सहारा लिया। मंदिर के अंदर दाखिल होते ही उसकी गतिविधियां वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गईं, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। सीसीटीवी फुटेज में चोर का व्यवहार काफी अजीबोगरीब नजर आया। वह गुरु घर के भीतर जूते पहनकर घूमता रहा, जो धार्मिक दृष्टि से मर्यादा का उल्लंघन है। इतना ही नहीं, चोरी करने से पहले उसने वहां रखा प्रसाद भी खाया। फुटेज में वह कानों को हाथ लगाकर माफी मांगते हुए भी दिखाई दे रहा है, जैसे वह अपने किए पर शर्मिंदा हो, लेकिन इसके बावजूद उसने अपराध को अंजाम दिया। चोर ने की बेअदबी प्रबंधक कमेटी का कहना है कि चोर ने मर्यादाओं को ताक पर रख दिया था। उसने मंदिर के अंदर जूते पहनकर नाच-गाना किया, जिसे सिख और रविदासिया समाज की संगतों ने ‘बेअदबी’ करार दिया है। चोर ने सबसे पहले मंदिर की गोलक (दानपात्र) तोड़ने की कोशिश की, ताकि नकदी चुरा सके। काफी मशक्कत के बाद भी जब वह गोलक तोड़ने में नाकाम रहा, तो उसने अन्य सामान की ओर रुख किया। जब उसे पैसे नहीं मिले, तो उसने मंदिर का कीमती साउंड सिस्टम, माइक सेट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण इकट्ठा किए और उन्हें लेकर फरार हो गया। सुबह जब सेवादार मंदिर पहुंचे, तो सामान बिखरा देख चोरी का पता चला। संगत में भारी रोष घटना की सूचना मिलते ही संगत और श्री गुरु रविदास नामदेव सभा के सदस्यों में भारी नाराजगी फैल गई। मंदिर प्रबंधक कमेटी ने तुरंत थाना फिल्लौर की पुलिस को लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चोर ने न केवल आर्थिक नुकसान पहुंचाया है, बल्कि उनकी धार्मिक भावनाओं को भी गहरी ठेस पहुंचाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की जल्द से जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दावा किया है कि आरोपी जल्द ही सलाखों के पीछे होगा। इलाके के लोगों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने की भी अपील की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।