फलोदी जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 28 जून से शुरू होगा। इस दौरान नवजात से लेकर 5 साल तक के एक लाख 53 हजार से अधिक बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 870 बूथों पर पिलाई जाएगी दवाई मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. प्रताप सिंह राठौड़ ने बताया-अभियान के पहले दिन जिले भर में कुल 870 बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद अगले दिनों में छूटे हुए बच्चों को घर-घर जाकर खुराक दी जाएगी। 33 कोल्ड चेन पॉइंट बनाए राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अधिकारी (आरसीएचओ) डॉ. हजारीमल सोनी के अनुसार, अभियान के लिए 2500 प्रशिक्षित वैक्सीनेटर और 3 मोबाइल टीमें तैनात की गई हैं। वैक्सीन की सुरक्षा और वितरण सुनिश्चित करने के लिए जिले में 33 कोल्ड चेन पॉइंट बनाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य लाएं और पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान को सफल बनाएं। जिला स्तरीय अधिकारी अभियान की नियमित निगरानी करेंगे, और गठित टीमें घर-घर जाकर वंचित बच्चों को दवा पिलाएंगी।
