फरीदकोट में कोटकपूरा-बठिंडा रोड स्थित गांव कोठे गज्जन सिंह वाला में सोमवार दोपहर बाद खेतों में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते भयानक रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही इलाके के किसान और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक करीब 40 एकड़ गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो चुकी थी। इस घटना के बाद किसानों ने प्रशासन और सरकार से तुरंत मुआवजे की मांग की है। जानकारी के अनुसार सोमवार बाद दोपहर करीब 3 बजे कोटकपूरा के बठिंडा रोड स्थित गांव कोठे गज्जन सिंह वाला के पास खेतों में आग लगी। आशंका जताई जा रही है कि खेतों के पास बनी झुग्गी-झोपड़ी के कारण आग लगी हो सकती है। इस मामले में प्रशासन और पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। तीन परिवारों की फसल जलकर खाक हुई है-किसान नेता इस मामले में किसान नेता जसवंत सिंह ने बताया कि इस आग की घटना में गांव के तीन परिवारों की करीब 40 से 45 एकड़ गेहूं की फसल राख हो गई है। उन्होंने कहा कि किसान पहले से ही प्राकृतिक आपदाओं का सामना कर रहा है और अब लापरवाही के कारण उनकी खड़ी फसल बर्बाद हो गई। उन्होंने सरकार से तुरंत मुआवजा जारी करने की मांग रखी। जैतो व फरीदकोट से भी गाड़ियां बुला ली थी-फायरमैन इस मामले में फायरमैन गोपाल सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी और जैतो व फरीदकोट से भी गाड़ियां बुला ली थी पर अन्य गाड़ियों के आने से पहले ही लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। नुकसान के बारे में विस्तृत जानकारी किसान ही दे सकते हैं।