उदयपुर की बुझड़ा स्थित फतेहगढ़ होटल से 13 एसी यूनिट के कॉपर वायर चोरी करने के मामले में नाई थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को डिटेन किया गया है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने वारदात से पहले रात के समय में होटल की रेकी की थी और मौका मिलते ही एसी यूनिट के तार काटकर कॉपर वायर चोरी कर लिए। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुट गई है। नाई थानाधिकारी कर्मवीर सिंह ने बताया कि 20 जुलाई को फतेहगढ़ होटल के सिक्योरिटी सुपरवाइजर शूरवीर सिंह ने थाने में चोरी की लिखित रिपोर्ट दी थी। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि होटल के ‘खासमहल’ ब्लॉक के कमरों के बाहर लगे 13 एसी यूनिट्स की कॉपर पाइपलाइन और उससे जुड़ी बिजली की कीमती केबल अज्ञात चोर काट ले गए है। शिकायत मिलने पर नाई थाना पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू की थी। पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा होटल में हुई इस चोरी की घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आसपास के रास्तों और मुखबिरों से जानकारी जुटाना शुरू किया। पुलिस टीम ने साइबर सेल के तकनीकी सहयोग और आसूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद नाई थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फलासिया थाना क्षेत्र के पिपलबारा (भगोर फला) निवासी महेंद्र उर्फ मुकेश (22) और दमाणा (पी कातर फला) निवासी विनोद कुमार (20) को दबोच लिया। इनके साथ मौजूद एक नाबालिग साथी को भी पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में ले लिया। चोरी का पूरा माल, कटर और बाइक बरामद पुलिस अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस केस में एक आरोपी की गिरफ्तारी पहले ही की जा चुकी थी। अब दो और मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी और एक नाबालिग के डिटेन होने से वारदात में शामिल सभी चेहरों का पर्दाफाश हो गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया पूरा कॉपर वायर, तार काटने में यूज किया गया कटर और वारदात के दौरान यूज की गई बाइक भी बरामद कर ली है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से अन्य संभावित वारदातों को लेकर पूछताछ कर रही है।
