कपूरथला के फगवाड़ा के निकट जालंधर चौक पर आधी रात को पुलिस नाकेबंदी के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब जांच के लिए रोकी गई एक स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार व्यक्ति ने पुलिस टीम पर कथित तौर पर पिस्तौल तान दी और फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों की तत्परता से गोलियां किसी को न लगकर पास की नान बनाने वाली दुकान की दीवार पर जा लगीं, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जंडियाला पुलिस पोस्ट के इंचार्ज नरिंदर मोहन ने बताया कि उनकी टीम जालंधर चौक पर देर रात वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान फगवाड़ा की ओर से आ रही एक काले रंग की स्कॉर्पियो (PB-08-GB-1101) को रोका गया। जब गाड़ी में सवार युवकों से ड्राइविंग लाइसेंस और पहचान पत्र मांगे गए, तो ड्राइवर के साथ वाली सीट पर बैठे युवक ने अचानक पिस्तौल निकाल ली और पुलिस टीम पर तान दी। पुलिस इंचार्ज ने धकेला हाथ, दीवार पर लगीं गोलियां थाना इंचार्ज नरिंदर मोहन ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत आरोपी का हाथ एक तरफ धकेल दिया, जिसके चलते आरोपी द्वारा चलाई गई दो गोलियां पुलिसकर्मियों को लगने के बजाय पास की एक दुकान की दीवार में जा धंसीं। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने तुरंत हमलावर को दबोच लिया और उसके कब्जे से हथियार बरामद कर लिया। अवैध विदेशी हथियार बरामद पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनप्रीत सिंह उर्फ मनी शोकर (निवासी गांव अट्टी, थाना फिल्लौर, जालंधर) और गाड़ी चला रहे दिलप्रीत सिंह (निवासी गांव धरम सिंह वाला, थाना फतेहगढ़ साहिब) के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा बरामद विदेशी पिस्तौल का वैध लाइसेंस मांगने पर आरोपी कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके। हथियार की जांच के दौरान मैगजीन से तीन जिंदा कारतूस और दो चले हुए कारतूस के खोखे बरामद हुए हैं। सदर थाना जालंधर में मामला दर्ज पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सदर जालंधर में संबंधित आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और अवैध हथियार के स्रोत तथा वारदात के अन्य पहलुओं का पता लगाया जा रहा है।
