भरतपुर में बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी। प्रॉपर्टी डीलर अजय (35) रात 8 बजे अपने घर के बाहर स्कॉर्पियो में बैठे थे। तभी कार सवार बदमाश पहुंचे और गाड़ी से उतारकर मारपीट करने लगे। जान बचाने के लिए अजय भागे तो एक बदमाश ने पीछे से कई फायर किए। गोली लगते ही अजय सड़क पर गिर गए। इसके बाद बदमाश गाड़ी से कुचलते हुए फरार हो गए। स्थानीय लोग उन्हें हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने अजय को मृत घोषित कर दिया। घटना गुरुवार रात करीब 8 बजे मथुरा गेट थाना इलाके में MSJ कॉलेज के सामने मड़रपुर रोड की है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। देखें… घटना से जुड़ी PHOTOS घर के बाहर स्कॉर्पियो में बैठे थे, बदमाशों ने किया हमला प्रत्यक्षदर्शी विष्णु ने बताया- अजय (35) निवासी खेमरा गांव प्रॉपर्टी डीलर का काम करते थे। उनका MSJ कॉलेज के सामने मड़रपुर रोड पर मकान है। अजय की पत्नी की 8 साल पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। इसके बाद से अजय अपने बेटे के साथ इसी मकान में रहते थे। अजय का एक छोटा भाई अनूप खेमरा में अपने पिता बच्चू सिंह के साथ खेती-बाड़ी करता है। गुरुवार शाम करीब 8 बजे अजय घर के बाहर अपनी स्कॉर्पियो में बैठे थे। इसी दौरान कुछ युवक उनकी गाड़ी के पास पहुंचे और अजय को गाड़ी से नीचे उतार लिया। बाहर आते ही बदमाशों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। भागने की कोशिश की तो बदमाश ने पीछे से गोलियां चलाईं विष्णु ने बताया – मारपीट के दौरान अजय वहां से भागने लगे तो एक बदमाश ने उन पर कई फायर किए। गोली लगते ही अजय सड़क पर गिर गए। इसके बाद बदमाशों ने उनके ऊपर गाड़ी चढ़ा दी और मौके से फरार हो गए। अस्पताल में मृत घोषित, आक्रोशित लोगों ने सड़क पर रखा शव गोली लगने के बाद स्थानीय लोग अजय को तुरंत हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हत्या की सूचना के बाद आक्रोशित परिजन और गांव के लोगों ने शव को आरबीएम अस्पताल से रीको जाने वाली सड़क पर रख दिया। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। ASP धर्मेंद्र यादव ने बताया- मारपीट और गोली लगने से प्रॉपर्टी डीलर की मौत हुई है। आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें भेजी गई हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ये खबर भी पढ़ें किराएदारों को सुपारी देकर कैदी की हत्या करवाई:हिस्ट्रीशीटर पिता की मौत का बदला लेने के लिए बेटे ने रची साजिश, 3 दिन पहले नेपाल भागा जयपुर पुलिस ने दिनदहाड़े कैदी गंगासहाय कुमावत की हत्या के मामले 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हिस्ट्रीशीटर महेंद्र गुर्जर की मौत का बदला लेने के लिए उसके बेटे आयुष गुर्जर ने अपने ममेरे भाई कन्हैया गुर्जर के साथ मिलकर कैदी गंगासहाय की हत्या की साजिश रची थी। (पूरी खबर पढ़ें)
