प्रतापगढ़-मंदसौर रोड पर पिकअप से बाइक को टक्कर मारकर पिता-पुत्र की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान हथुनिया थाना क्षेत्र के गोर्धनपुरा निवासी कुशाल खान पठान (48) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया-आरोपी हथुनिया थाने का हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर अपराधी है। उसके खिलाफ 11 मामले दर्ज हैं। वारदात में इस्तेमाल पिकअप को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। तीन साल पहले सात लाख रुपए उधार लिए थे पुलिस ने बताया- 6 सितंबर को मोखमपुरा निवासी जावेद खान पठान ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उसके पिता शाहबाज खान पठान ने करीब तीन साल पहले कुशाल खान से 7 लाख रुपए उधार लिए थे। इसमें से कुछ पैसे वापस कर दिए थे। आरोप है कि कुशाल खान ब्याज पर ब्याज जोड़कर लगातार रुपए मांग रहा था। अस्पताल जा रहे पिता-पुत्र को बाइक से मारी टक्कर रंजिश के चलते 6 सितंबर को जावेद के पिता शाहबाज खान पठान और भाई शोयब खान पठान बाइक से प्रतापगढ़ जा रहे थे। आरोप है कि अवलेश्वर टोल से आगे बसाड़ गांव की सरहद में कुशाल खान ने पिकअप से पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने जांच के लिए अलग-अलग टीमें बनाईं। बांसवाड़ा से मोबाइल फोरेंसिक टीम बुलाकर घटनास्थल से सबूत जुटाए गए। पुलिस ने घटनास्थल से मंदसौर तक करीब 150 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने भेष बदलकर की गश्त 13 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अजमेर दरगाह क्षेत्र और रेलवे स्टेशन के आसपास होटल, मुसाफिरखाने या गेस्ट हाउस में छिपा है। टीम ने अभय कमांड सेंटर के कैमरों की मदद से तलाश की। पुलिसकर्मियों ने भेष बदलकर इलाके में पैदल गश्त की। इसी दौरान दरगाह के पास एक गली में कुशाल खान दिखाई दिया। टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाने और पिता-पुत्र को पिकअप से टक्कर मारने की बात स्वीकार की है। 15 सितंबर को आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड लिया गया। पुलिस घटना में शामिल अन्य आरोपियों और साजिश के संबंध में पूछताछ कर रही है। … घटना से जुड़ी यह खबर पढ़ें अस्पताल जा रहे पिता-पुत्र को पिकअप ने टक्कर मारी, मौत:बड़े बेटे ने हत्या का शक जताया; कहा- बाइक से गिरने पर कुचलने की कोशिश की प्रतापगढ़ जिले में बाइक पर अस्पताल जा रहे पिता-पुत्र को पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर घायल हो गए। उनको इलाज के लिए प्रतापगढ़ ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान पिता की मौत हो गई। (पढ़ें पूरी खबर)
