दैनिक भास्कर की ओर से आयोजित ‘मेरी मां’ पेंटिंग कॉम्पीटिशन के विजेता आर्ट की तीन दिवसीय एग्जीबिशन का शनिवार को जेएलएन मार्ग स्थित कलानेरी आर्ट गैलरी में शुभारंभ हुआ। एग्जीबिशन में देशभर से चयनित 206 विजेता पेंटिंग्स को प्रदर्शित किया गया है। मुख्य अतिथि आईएएस टीकम बोहरा ‘अनजाना’, विशिष्ट अतिथि भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल की डायरेक्टर और वॉटर कलर आर्टिस्ट डॉ. सुषमा महाजन ने एग्जीबिशन का उद्घाटन किया। यह एग्जीबिशन 1 जून तक आमजन के लिए निशुल्क खुली रहेगी। 37 हजार से ज्यादा एंट्रियों में चुने गए विजेता आर्टवर्क दरअसल, मदर्स डे के अवसर पर आयोजित दैनिक भास्कर की ‘मेरी मां’ पेंटिंग कॉम्पीटिशन को इस बार देशभर से शानदार प्रतिक्रिया मिली। प्रतियोगिता में कुल 37,196 एंट्रियां प्राप्त हुईं। इनमें 24,198 एंट्रियां स्टूडेंट कैटेगरी की थीं। राजस्थान के 43 प्रतिभागियों ने विजेताओं में जगह बनाई, जबकि जयपुर के 17 प्रतिभागी सम्मानित हुए। सामान्य श्रेणी में जयपुर की बिंदू कुमारी ने दूसरा स्थान हासिल किया। बढ़ते उत्साह को देखते हुए बढ़ाए गए अवॉर्ड्स प्रतियोगिता में बढ़ती भागीदारी को देखते हुए इस बार पुरस्कार और जूरी अवॉर्ड्स की संख्या 50 से बढ़ाकर 100 कर दी गई। दोनों कैटेगरी में कुल 206 प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। एग्जीबिशन में इन सभी विजेता पेंटिंग्स और चुनिंदा आर्टवर्क को एक साथ प्रदर्शित किया गया है, जिससे कला प्रेमियों को कलाकारों की रचनात्मक सोच और भावनाओं को करीब से देखने का अवसर मिल रहा है। मां के अलग-अलग रूपों को दर्शाते हैं आर्टवर्क मुख्य अतिथि आईएएस टीकम बोहरा ‘अनजाना’ ने कहा- मदर्स डे के उपलक्ष्य में देशभर के बच्चों और बड़ों द्वारा तैयार किए गए आर्टवर्क को इस एग्जीबिशन में प्रदर्शित किया गया है। इन पेंटिंग्स के माध्यम से मां के अलग-अलग रूपों और उसके प्रति लोगों की भावनाओं को महसूस किया जा सकता है। मां के प्रति प्रेम और सम्मान हर व्यक्ति के जीवन का सबसे मजबूत भाव है। यह एग्जीबिशन उसी भावनात्मक जुड़ाव को खूबसूरती से सामने लाती है। हर पेंटिंग अपने भीतर समेटे हुए है एक कहानी डॉ. सुषमा महाजन ने कहा- एग्जीबिशन में शामिल हर पेंटिंग बेहद आकर्षक और भावनात्मक है। प्रत्येक आर्टवर्क के पीछे एक अलग कॉन्सेप्ट और कहानी दिखाई देती है। इन कलाकृतियों को केवल रंगों से नहीं, बल्कि भावनाओं और अनुभवों के साथ तैयार किया गया है। भारतीय संस्कृति में मां का जो विशेष स्थान है, वही भावना इन सभी पेंटिंग्स में स्पष्ट रूप से नजर आती है। 1 जून तक रहेगा एग्जीबिशन कलानेरी आर्ट गैलरी में आयोजित यह पेंटिंग एग्जीबिशन 1 जून तक चलेगा। एग्जीबिशन प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक आमजन के लिए निशुल्क खुला रहेगा। कला प्रेमी, विद्यार्थी और परिवार यहां पहुंचकर मां की ममता, त्याग, स्नेह और प्रेरणा को दर्शाने वाले विभिन्न आर्टवर्क को देख सकेंगे।
