कच्चे रास्ते और गड्ढों की समस्या से परेशान झोला ग्राम पंचायत के सफीपुरा गांव के ग्रामीण जब अपनी फरियाद लेकर पीपलू एसडीएम कपिल कोठारी के पास पहुंचे, तो उन्हें राहत मिलने की बजाय तीखा जवाब मिला। ग्रामीणों के ज्ञापन देते समय एसडीएम ने कहा- गड्ढे में तो आपका पूरा जिला ही पड़ा है। मैं उदयपुर से आया हूं, जिले में एक भी सड़क ढंग की नहीं है। टोंक शहर और पीपलू में भी गड्ढे पड़े हैं। इस जवाब से मायूस होकर ग्रामीण मुख्यमंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों के नाम ज्ञापन सौंपकर गांव लौट गए। ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के बाद से करीब 225 लोगों की आबादी वाले सफीपुरा गांव में आज तक पक्की सड़क नहीं बनी है। बारिश के दिनों में गांव का संपर्क पूरी तरह कट जाता है, जिससे न तो बच्चे स्कूल जा पाते हैं और न ही मरीजों के लिए एंबुलेंस आ पाती है। प्रशासनिक लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने फैसला किया है कि अगर जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो वे आगामी पंचायती राज चुनाव का बहिष्कार करेंगे। इस मौके पर ग्रामीण जीतराम, मुरारी, हेमराज, गणपत सहित अन्य लोगों की मौजूदगी रही।