नगर पालिका आम चुनाव-2026 को लेकर 14 सितंबर यानी कल पाली शहर के लॉ कॉलेज में सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। थ्री-लेयर सुरक्षा में ईवीएम रखी गई हैं, जहां 24 घंटे सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। रविवार को भी मतगणना की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। लॉ कॉलेज में पाली नगर निगम के वोटों की काउंटिंग होगी। जिले की सभी नगर पालिकाओं की मतगणना संबंधित नगर पालिका मुख्यालय पर होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आयोग की ओर से जारी निर्देशों के तहत 9 सितंबर 2026 को सोजत, सोजतरोड, रानी खुर्द और मारवाड़ जंक्शन नगर पालिका में मतदान हुआ था। वहीं, 11 सितंबर 2026 को पाली नगर निगम, सुमेरपुर, फालना, सादड़ी, तखतगढ़ और बाली नगर पालिका में मतदान हुआ था। दोनों चरणों की मतगणना 14 सितंबर 2026 यानी सोमवार को होगी। संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को मतगणना कार्य निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही भारी पुलिस फोर्स भी तैनात की गई है।
