उदयपुर के धानमंडी थाना क्षेत्र में पानी के छींटे लगने पर एक युवक ने ज्वेलर पर चाकू से हमला कर दिया। घटना 24 अप्रैल शाम करीब 4:50 बजे चौखला बाजार में मंडी की नाल में स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स की है। घटना सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वहीं, पीड़ित ज्वेलर धर्मेश सोनी पुत्र भगवती लाल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। रिपोर्ट में बताया कि मैं दुकान के बाहर हाथ धो रहा था। तभी चोखला बाजार की तरफ से एक व्यक्ति बिना नंबर की बाइक से आया। दुकान के आगे से निकलते ही थोड़ा आगे जाकर बाइक रोकी। फिर पानी से छींटे आने की बात पर गाली-गलौज करने लगा। गर्दन से पकड़कर सड़क पर खींचा मैंने गाली देने से रोका तो दुकान पर आकर मारपीट करने लगा। मुझे थप्पड़ मारे और गर्दन पकड़कर सड़क पर खींच लिया। इससे नाक पर चोट लगी। इतने में ही आरोपी ने जेब से चाकू निकाला और बाएं पैर के हिप्स पर मार दिया। इससे मैं घायल हो गया। मारपीट देखकर आसपास लोगों की जैसे ही भीड़ एकत्रित होने लगी। तभी आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। सीसीटीवी में दिखा युवक घटना के सीसीटीवी फुटेज में ज्वेलर अपनी दुकान से पानी की बोटल लेकर दुकान के बाहर हाथ धोता दिख रहा है। तभी लाल रंग की टी-शर्ट पहने एक बाइक सवार युवक अचानक वहां से गुजरता है। छींटे पड़ने पर वह गुस्से में ज्वेलर पर चिल्लाते हुए तुरंत बाइक रोकता है। यहीं, दोनों में बहस शुरू होती है और आरोपी ज्वेलर पर हमला कर देता है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी युवक की तलाश में जुटी है।
