ससुराल में शादी के माहौल के बीच पहुंचे युवक ने पत्नी को कमरे में बंद कर सीने में गोली मार दी। फिर खुद के सीने में गोली मार कर सुसाइड कर लिया। महिला एक दिन पहले ही पति से पूछकर चचेरी बहन की शादी में शामिल होने आई थी। अगले दिन पति भी पहुंचा और सीधे कमरे में जाकर बैठ गया था, पत्नी के पानी लेकर जाते ही गेट बंद कर लिया। 15 मिनट आपसी कहासुनी के बाद देसी कट्टे से फायरिंग कर दी। गेट तोड़ा तो दोनों लहूलुहान पड़े थे। फिलहाल महिला का जयपुर SMS में गंभीर हालत में इलाज जारी है, जो अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। भरतपुर के रूपवास थाना क्षेत्र के सिंघवाली गांव में घटना 30 अप्रैल की दोपहर करीब 11:30 बजे हुई। महिला के पिता ने इस संबंध में 1 मई को FIR दर्ज करवाई है। पिता बोले-पति से पूछकर शादी में आई थी बेटी सिंघावली (रूपवास थाना, भरतपुर) के रहने वाले पिता ओमवीर ने बताया- बेटी राधिका (28) की शादी 4 साल पहले यूपी के आगरा जिले के बरुअर निवासी राघवेंद्र (31) से हुई थी। 5 मई को छोटे भाई की बेटी की शादी होनी है। 30 अप्रैल को राधिका शादी में शामिल होने के लिए राघवेंद्र से पूछकर घर आई थी। उसने खुद जाने के लिए कहा था। 1 मई को करीब 11 बजे राघवेंद्र घर पहुंचा था। वह किसी से नहीं मिला और सीधे कमरे में चला गया। राधिका उसे पानी देने के लिए कमरे में गई तो राघवेंद्र ने कमरा अंदर से बंद कर लिया। उसके बाद दोनों में कहासुनी हुई। करीब 15 मिनट बाद कमरे से गोली चलने की आवाज आई। राघवेंद्र ने देसी कट्टा निकालकर पहले राधिका के सीने और फिर खुद के सीने में गोली मार ली। बेड के पास जमीन पर खून से लथपथ मिले दोनों घर में लगन का कार्यक्रम चल रहा था। गोली की आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। गेट अंदर से बंद था, जिसे तोड़कर खोला गया। राघवेंद्र और राधिका बेड के पास जमीन पर खून से लथपथ हालत में पड़े हुए थे। हॉस्पिटल ले जाते समय राघवेंद्र ने घर के बाहर ही दम तोड़ दिया। राधिका की सांसें चल रही थीं, जिसे गंभीर हालत में रूपवास हॉस्पिटल ले जाया गया। गंभीर हालत में भरतपुर RBM हॉस्पिटल से जयपुर SMS हॉस्पिटल में रेफर किया गया है। रूपवास SHO विनोद मीणा ने बताया- राधिका की हालत गंभीर बनी हुई है। अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। — घटना से संबंधित ये खबर भी पढ़ें … शादी में पत्नी को गोली मारकर पति ने किया सुसाइड:कमरा बंद कर फायर किया, महिला की हालत गंभीर शादी समारोह में पति ने पत्नी को गोली मार दी। फिर खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया। महिला पीहर में चचेरी बहन की शादी में शामिल होने आई थी। पूरी खबर पढ़िए
