पंजाब के कैबिनेट मंत्री लालचंद कटारूचक्क ने मंगलवार को फतेहगढ़ साहिब की सरहिंद मंडी का दौरा कर धान खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में किसानों, आढ़तियों और मजदूरों को किसी तरह की परेशानी न हो। मंत्री ने कहा कि सरकार ने खरीद के लिए पर्याप्त इंतजाम किए हैं और किसानों को उनकी फसल का भुगतान उसी शाम बैंक खातों में करने की व्यवस्था है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे मंडियों में धान अच्छी तरह सुखाकर ही लेकर आएं, ताकि खरीद प्रक्रिया में देरी न हो। केंद्र सरकार की ओर से इस सीजन में 180 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। राज्य में धान की खरीद एक अक्टूबर से शुरू हो चुकी है। मंडियों में करीब 6.30 लाख मीट्रिक टन धान पहुंची मंत्री के अनुसार, अब तक मंडियों में करीब 6.30 लाख मीट्रिक टन धान पहुंच चुका है। इसमें से 5.70 लाख क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है। किसानों को खरीदी गई फसल के एवज में करीब 781 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि खरीद, भुगतान और लिफ्टिंग की प्रक्रिया को सुचारू रखने के लिए अधिकारियों को लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। प्रधान लखबीर सिंह ने मंडी की समस्याएं मंत्री के सामने रखीं वहीं, आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान लखबीर सिंह ने मंडी की समस्याएं मंत्री के सामने रखीं। उन्होंने लेबर रेट बढ़ने, मजदूरों की कमी और खरीदे गए धान की लिफ्टिंग के लिए ट्रकों की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने का मुद्दा उठाया। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।