नमस्कार, पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर DSP की मौत से जुड़ी रही है। वह घर में सरकारी रिवॉल्वर साफ कर रहे थे। इस दौरान उन्हें सीने में गोली लग गई। जिससे उनकी मौत हो गई। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. DSP की गोली लगने से मौत, रिवॉल्वर साफ करते समय फायर एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) में तैनात डीएसपी योगेश कुमार शर्मा की मंगलवार सुबह फगवाड़ा स्थित अपने सरकारी आवास पर गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, डीएसपी अपनी सरकारी रिवॉल्वर साफ कर रहे थे। इसी दौरान गोली चली और उनके सीने में लगी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे थे, लेकिन डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पिता राम कुमार शर्मा ने बताया कि बेटे योगेश का 3 दिन पहले ही चंडीगढ़ ट्रांसफर हुआ था। इससे पहले वह STF में तैनात था। उनके एक बेटा और एक बेटी हैं। एक पोता कनाडा में स्टडी वीजा पर है। राम कुमार शर्मा ने कहा कि गोली कैसे चली, इसका पता नहीं लग सका। बताया जा रहा है कि उनका बेटा सोफे पर बैठकर पिस्तौल साफ कर रहा था, क्योंकि उसे पिस्तौल जमा करवानी थी। इसी दौरान गोली चल गई। उन्होंने कहा कि जब वह गेट पर कार देने पहुंचे, तब तक गोली चल चुकी थी। कपूरथला की SP माधवी शर्मा ने कहा है कि परिवार के बयान पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। (पढ़ें पूरी खबर) 2. सबसे बड़ा मॉल अचानक बंद, कंपनी ने नोटिस चिपकाया पंजाब के मोहाली स्थित VR पंजाब मॉल को फिलहाल लोगों के लिए बंद कर दिया गया है। मॉल प्रबंधकों ने इसकी वजह 3 अप्रैल को आए भूकंप से इमारत को हुए नुकसान को बताया है। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि दोबारा खोलने से पहले पूरे ढांचे की विस्तृत जांच (स्ट्रक्चरल सेफ्टी रिव्यू) कराई जाएगी। सब ठीक रहा तो दोबारा खोला जाएगा। फिलहाल यह साफ नहीं है कि मॉल कब तक बंद रहेगा। हालांकि, अचानक इस तरह मॉल के बंद होने से वहां काम करने वाले सैकड़ों कर्मचारी बेरोजगार हो सकते हैं और दुकानदारों के लिए परेशानी बनी हुई है। गेट को बंद कर दिया गया है। सोमवार को कई लोग मॉल पहुंचे, लेकिन उन्हें गेट से ही निराश होकर लौटना पड़ा। रात को भी मॉल अंधेरे में डूबा रहा। करीब 22 एकड़ में बना यह मॉल मोहाली का सबसे बड़ा मॉल था। हाल के वर्षों में मॉल में आने-जाने की समस्याओं के कारण यहां फुटफॉल कम हुआ था। इसके बाद भी रोजाना लगभग 3,000 से 5,000 लोग यहां पहुंचते थे। जबकि, वीकेंड पर यह संख्या 10 हजार तक पहुंच जाती थी। अब चर्चा है कि मॉल जल्द ही प्राइवेट मल्टी स्पेशयलिटी अस्पताल में बदलेगा। (पढ़ें पूरी खबर) 3. चंडीगढ़ पुलिस राइटर मधु किश्वर के घर पहुंची चंडीगढ़ पुलिस की टीम दिल्ली में राइटर मधु किश्वर के घर पहुंची। टीम ने उन्हें नोटिस देकर जांच में शामिल होने के लिए कहा। टीम में इंस्पेक्टर इरम रिजवी और इंस्पेक्टर सरित राय शामिल थीं, जिन्होंने नोटिस सौंपा। राइटर मधु किश्वर ने कहा कि हमारे सिक्योरिटी गार्ड ने बताया कि पांच पुलिसकर्मी, जिनमें दो महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं, मेरे ऑफिस पहुंची हैं। राइटर ने कहा कि मैं उस समय एक वीडियो रिकॉर्ड कर रही थी, इसलिए मैंने उन्हें कुछ देर इंतजार करने को कहा। लेकिन इतनी देर रात पुलिस का पहुंचना अच्छे संकेत नहीं देता। बता दें कि मधु किश्वर समेत अन्य लोगों पर सेक्टर-26 थाने में कल केस दर्ज किया गया था। 19 अप्रैल की पुलिस को शिकायत दी गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने एक वीडियो को गलत पहचान के साथ वायरल किया और उसमें अश्लील व भ्रामक शब्द जोड़कर पेश किया। इससे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति की छवि खराब करने की कोशिश की गई और समाज में भ्रम फैलाया गया। (पढ़ें पूरी खबर) 4. पांच दिन लंबे बिजली कट लगेंगे, लुधियाना में सबसे ज्यादा पंजाब में लोगों को अगले 5 दिन लंबे बिजली कट झेलने पड़ सकते हैं। पावरकॉम (PSPCL) की तरफ से बिजली कट लगाने को लेकर पब्लिक नोटिस जारी किया गया है। जिसके मुताबिक 21 अप्रैल से 28 अप्रैल तक लुधियाना, जालंधर, अमृतसर, बठिंडा और पटियाला में लंबे बिजली कट लगेंगे। इसके लिए पावरकॉम ने बिजली डिस्ट्रिब्यूशन में सुधार और मॉडर्नाइजेशन का हवाला दिया है। इन शहरों में 8 से लेकर 10 घंटे तक का पावर कट रहेगा। हालांकि पंजाब में लगातार गर्मी बढ़ रही है और मौसम विभाग ने 3 दिन के लिए हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। 21 जिलों में टेंपरेचर 35 पार हो चुका है। सेहत विभाग को एडवाइजरी भी जारी करनी पड़ गई। वहीं अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखते हुए स्पेशल वार्ड बनाने के साथ 24 घंटे स्टाफ तैनात किया गया है। ऐसे में बिजली कटों से गर्मी के हालात और बिगड़ सकते हैं। पावरकॉम के मुताबिक पंजाब में बिजली की डिमांड अभी 6 हजार मेगावाट के करीब है। हालांकि टेंपरेचर बढ़ने पर कुछ दिन पहले यह डिमांड 9500 मेगावाट तक पहुंच गई थी। पंजाब में बिजली का उत्पादन 3300 मेगावाट के करीब है और केंद्रीय पूल से 2700 मेगावाट बिजली खरीदी जा रही है। आजकल पंजाब में व्यापक स्तर पर मेंटेनेंस कट लग रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर) 5. खालिस्तान समर्थक MP की गिरफ्तारी की तैयारी तेज खडूर साहिब से खालिस्तान समर्थक सांसद अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी को लेकर हलचल तेज हो गई है। पंजाब पुलिस की एक विशेष टीम असम के डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल पहुंच चुकी है, जहां अमृतपाल सिंह फिलहाल नेशनल सिक्योरिटी एक्ट के तहत बंद हैं। अमृतपाल सिंह की एनएसए हिरासत 22 अप्रैल को समाप्त हो रही है। सूत्रों के अनुसार जैसे ही उनकी नजरबंदी खत्म होगी अमृतपाल सिंह को अजनाला मामले में गिरफ्तार करके स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा, जहां से रिमांड लिया जाएगा। इसके बाद मुकदमे की कार्रवाई शुरू होने की संभावना है। अमृतपाल सिंह को अप्रैल 2023 में मोगा के रोड़े गांव से गिरफ्तार किया गया था। साथी को छुड़ाने के लिए फरवरी 2023 में वे अपने समर्थकों के साथ मिलकर बैरिकेड्स तोड़कर अजनाला थाने में दाखिल हुए थे। पुलिस से झड़प भी हुई थी। (पढ़ें पूरी खबर) 6. स्क्रैप की दुकान में ब्लास्ट, कर्मचारी के हाथ-पैर उखड़े लुधियाना के पास कस्बा हंबड़ा में एक स्क्रैप (कबाड़) की दुकान में धमाका हो गया। जिसमें एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाका इतना जबरदस्त था कि इसकी गूंज दूर-दूर तक सुनी गई। आवाज सुनते ही आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। आनन-फानन में एंबुलेंस बुलाकर घायल कर्मचारियों को अस्पताल पहुंचाया गया। चंदन कुमार (40 ) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस की शुरुआती जांच और CCTV फुटेज से पता चला है कि दुकान मालिक शिव कुमार निब्बी के दो कर्मचारी कबाड़ में से स्क्रैप निकालने के लिए आग जलाकर काम कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने आग में पेंट का खाली ड्रम फेंका, जिससे जोरदार विस्फोट हो गया। दोनों धमाके की चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही लाडोवाल थाना के SHO अमृतपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। जांच की जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर) विदेश से 7. जर्मनी के गुरुद्वारे में सिख भिड़े, 11 लोग घायल जर्मनी के डुइसबर्ग गुरुद्वारे में दो गुटों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान कई सिखों की पगड़ियां जमीन पर गिर गईं। एक सिख ने कृपाण निकालकर हमला कर दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें गुरुद्वारे के अंदर दो गुट एक-दूसरे को पीटते नजर आ रहे हैं। घटना 20 अप्रैल की है। 11 लोग घायल हुए हैं। वहीं, दावा किया जा रहा है कि कुछ लोगों ने बाहर खड़ी संगत पर फायरिंग भी की और आंखों में स्प्रे मारा। बलविंदर सिंह नाम के व्यक्ति ने इस वीडियो को शूट करने के बाद पोस्ट किया है। 15 मिनट 31 सेकेंड के वीडियो में 2 गुटों में विवाद होता दिख रहा है। पुलिस ने झगड़े की सूचना पर मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। यह झगड़ा तब हुआ, जब गुरुद्वारे की मैनेजमेंट बदलने के बाद गुरुद्वारे की गोलक का हिसाब-किताब किया जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद की जड़ हाल ही में हुए प्रबंधन समिति के चुनाव हैं। बताया जा रहा है कि जो गुट चुनाव हार गया था, वह सत्ता छोड़ने को तैयार नहीं था। फिलहाल सुरक्षा के लिहाज से गुरुद्वारे के बाहर जर्मन पुलिस तैनात कर दी गई है। (पढ़ें पूरी खबर) 8. एक्ट्रेस सोनम बाजवा की नई फिल्म पिट सियापा पर रोक चंडीगढ़ में एक्ट्रेस सोनम बाजवा की फिल्म ‘पिट सियापा’ विवाद में घिर गई है। कॉपीराइट विवाद के चलते चंडीगढ़ कोर्ट ने फिलहाल फिल्म की रिलीज पर रोक लगा दी है। मामले के अनुसार, लेखक राजन नंदन का दावा है कि फिल्म की कहानी उनकी लिखी हुई स्क्रिप्ट पर आधारित है। उन्होंने बताया कि इस स्क्रिप्ट को साल 2021 में रजिस्टर कराया गया था। लेखक के अनुसार, 27 मार्च 2026 को जब फिल्म ‘पिट सियापा’ का प्रोमो रिलीज हुआ, तब उन्हें पता चला कि फिल्म की कहानी उनकी स्क्रिप्ट से मिलती-जुलती है। इसके बाद 1 अप्रैल 2026 को उन्होंने फिल्म से जुड़े पक्षों को लीगल नोटिस भेजा। मामला बढ़ने पर लेखक ने चंडीगढ़ कोर्ट में कॉपीराइट को लेकर याचिका दायर की। प्रारंभिक सुनवाई के बाद कोर्ट ने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने के आदेश दिए हैं। अब इस मामले में अगली सुनवाई 28 अप्रैल 2026 को होगी, जहां कोर्ट आगे की कार्रवाई पर निर्णय लेगा। फिल्म की शूटिंग को लेकर भी विवाद हुआ था। 1 मई को ये फिल्म रिलीज होनी थी। (पढ़ें पूरी खबर) 9. कॉकटेल पार्टी में नाचीं नोरा फतेही, बेकाबू हुए फैंस लुधियाना के पॉश इलाके फिरोजपुर रोड स्थित महाराजा मेंशन में सोमवार की रात बॉलीवुड की डांसिंग क्वीन नोरा फतेही के नाम रही। मौका था शहर के एक नामी समाजसेवी के बेटे के कॉकटेल फंक्शन का, जहां नोरा फतेही ने अपनी कातिलाना अदाओं और डांस मूव्स से समां बांध दिया। नोरा को अपने बीच पाकर मेहमान उनके साथ सेल्फी लेने के लिए बेकाबू हो रहे थे। बाउंसरों ने मुश्किल से भीड़ को संभाला। इसके बाद लोगों ने नोरा के साथ डांस किया और नोरा पर फिल्माए ‘ओ साकी साकी’ और ‘ओह मामा तेतेमा’ जैसे गाने भी गाए। इस ग्रैंड सेलिब्रेशन में शहर की करीब 700 नामी हस्तियों ने शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत सिंगर सहर भाटिया की सुरीली आवाज के साथ हुई, जिन्होंने अपनी गायिकी से माहौल बनाया। हालांकि, जैसे ही नोरा फतेही ने स्टेज पर एंट्री ली, पूरा हॉल तालियों और शोर से गूंज उठा। नोरा ने अपने सिग्नेचर स्टेप्स और मनमोहक स्टेज परजेंस से हर किसी को झूमने पर मजबूर कर दिया। (पढ़ें पूरी खबर) 10. रेप के बाद नाबालिग लड़की बनी मां जालंधर में नाबालिग लड़की ने बच्चे को जन्म दिया है। अमृतसर के रहने वाले युवक ने उसका रेप किया था। शिकायतकर्ता महिला ने पुलिस को बताया कि उनकी 15 वर्षीय भतीजी 9वीं कक्षा में पढ़ती है। पिछले करीब डेढ़ महीने से पेट दर्द की शिकायत कर रही थी। पहले उसे एक निजी डॉक्टर से दवा दिलाई गई, लेकिन कोई आराम नहीं लगा। 19 अप्रैल 2026 को पेट में तेज दर्द होने पर उसे फिल्लौर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे एक निजी महिला डॉक्टर के पास रेफर किया गया। महिला डॉक्टर ने जांच के बाद बताया कि भतीजी गर्भवती है और उसकी डिलीवरी का समय पूरा हो चुका है। इसके बाद लड़की की डिलीवरी कराई गई। डिलीवरी के बाद भतीजी से पूछताछ की, जिस पर उसने बताया कि अमृतसर के रहने वाले राहुल नाम के युवक ने उसके साथ रेप किया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। करीब 13 साल पहले नाबालिग को उसकी मां छोड़कर चली गई थी। जबकि पिता की मौत हो चुकी है। (पढ़ें पूरी खबर) (कल शाम 5:30 बजे फिर होगी मुलाकात)
