जयपुर के शास्त्री नगर थाना इलाके में मंगलवार शाम करीब चार बजे राणा कॉलोनी और व्यास कॉलोनी के बीच बने नाले में एक व्यक्ति का शव तैरता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस मृतक की पहचान के प्रयास में जुटी है। स्थानीय लोगों के अनुसार नाले के आसपास अक्सर नशा करने वाले लोग घूमते रहते हैं। आशंका जताई जा रही है कि मृतक भी उन्हीं में से एक हो सकता है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। क्रिकेट खेल रहे बच्चों ने देखा शव थाना प्रभारी दिलीप सिंह ने बताया कि शाम करीब चार बजे बच्चे पास में क्रिकेट खेल रहे थे। खेल के दौरान गेंद नाले की ओर चली गई। जब बच्चे गेंद लेने पहुंचे तो उन्होंने नाले में शव तैरता देखा। शव देखकर बच्चे घबरा गए और जोर-जोर से चिल्लाने लगे। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। चार दिन पुरानी बताई जा रही बॉडी पुलिस के अनुसार शव करीब चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। लंबे समय तक पानी में रहने के कारण शव फूल चुका है, जिससे मृतक की उम्र का सही अनुमान लगाना मुश्किल हो रहा है। मृतक ने पीले रंग की टी-शर्ट और भूरे रंग का पजामा पहन रखा था। उसके बांए हाथ पर अंग्रेजी अक्षर “R” लिखा हुआ है। शव मोर्चरी में रखवाया पुलिस ने शव को पहचान के लिए कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। शास्त्री नगर थाना पुलिस ने अज्ञात मर्ग दर्ज कर मृतक की पहचान और उसके परिजनों की तलाश शुरू कर दी है।
