नागौर पुलिस ने 24 घंटों में तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। अवैध खनन में शामिल पांच वाहनों को जब्त किया। इन कार्रवाइयों में एक तस्कर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बजरी माफिया पर कार्रवाई, वाहन छोड़कर भागे चालक जसनगर थाना क्षेत्र में भैंसड़ा कलां और किरों की ढाणी इलाके में गश्त के दौरान पुलिस ने अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस को देख दो बिना नंबर के ट्रैक्टरों के चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर लिए हैं और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। 6.10 लाख का डोडा पोस्त बरामद मेड़तारोड थाना क्षेत्र में ‘ऑपरेशन संकल्प – नशा मुक्त नागौर’ के तहत पुलिस ने जारोड़ा खुर्द में दबिश दी। यहां भंवराराम विश्नोई (47) के खेत में बनी ढाणी से 40.554 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त चूरा बरामद किया गया। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 6.10 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है। अवैध लाइम स्टोन और सैंड स्टोन परिवहन में दो गिरफ्तार गोटन थाना क्षेत्र में पुलिस ने पुंदलू और बाकलियास सरहद पर घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान अवैध लाइम स्टोन से ओवरलोड दो डंपर और अवैध सैंड स्टोन से भरा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किया गया। मौके से पुलिस ने बुधाराम (जोधपुर) और फुलबाबू (बिहार) को गिरफ्तार किया है।