धौलपुर में 12 मई को आई तेज आंधी और तूफान ने बाड़ी खंड क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित किया। बाड़ी, बसेड़ी, सैंपऊ और सरमथुरा क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। जयपुर डिस्कॉम बाड़ी खंड के अंतर्गत 33 केवी के 8 फीडरों पर कुल 18 पोल और 11 केवी के 53 फीडरों पर 549 बिजली पोल धराशायी हो गए। कई स्थानों पर तार टूटने और पोल क्षतिग्रस्त होने से समस्या बढ़ गई। डिस्कॉम अधिकारियों के अनुसार खराब मौसम और बारिश के बावजूद लाइनमैन, एफआरटी कर्मियों और ठेका कर्मचारियों ने जोखिम उठाकर विद्युत व्यवस्था बहाल करने का कार्य किया। कई स्थानों पर मरम्मत कार्य पूरी रात चलता रहा। अधिकारियों ने बताया कि “तूफान ने रोशनी छीनी है, उसे वापस लाना हमारी जिम्मेदारी है” इसी संकल्प के साथ टीमों ने तेजी से काम किया। बिजली व्यवस्था को दोबारा पटरी पर लाने के लिए बाड़ी एवं बसेड़ी उपखंड की टीमों ने युद्धस्तर पर अभियान चलाया। विभाग के अनुसार अधिकांश क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है, जबकि शेष प्रभावित इलाकों में कार्य जारी है। डिस्कॉम प्रशासन ने बताया कि बसेड़ी उपखंड में 32, बाड़ी में 217 और सैंपऊ में 60 कर्मचारियों, एफआरटी टीमों और ठेका कर्मियों को मरम्मत कार्य में लगाया गया है। इस अभियान में एईएन बसेड़ी बीएस मीणा, एईएन बाड़ी आरडी मीणा तथा सैंपऊ एईएन पुरुषोत्तम चौधरी सहित उनकी टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।